चुनावी मोड में आ जाएं पार्टी कार्यकर्ता – डॉ. अजय सिंह चौटाला
– नए लोगों को पार्टी से जोड़कर जन-जन तक पहुंचाएं पार्टी की नीतियां – अजय चौटाला
– प्रदेश स्तरीय जनसंपर्क अभियान के तहत पानीपत पहुंचे जेजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष
– पानीपत में पार्टी के नए कार्यालय का किया उद्घाटन
BOL PANIPAT , 20 फरवरी। जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय सिंह चौटाला ने पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनावी मोड में आने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव को ज्यादा समय नहीं बचा है इसलिए पार्टी कार्यकर्ता चुनाव को लेकर कमर कस लें और मैदान में उतरे। वे सोमवार को अपने प्रदेश स्तरीय जनसंपर्क अभियान के तहत आज पानीपत पहुंचे थे। यहां उन्होंने आज पार्टी ने नवनिर्मित कार्यालय का उद्घाटन किया। इससे पहले डॉक्टर अजय सिंह चौटाला ने सोनीपत में भी कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित किया।
पानीपत में जेजेपी जिला स्तरीय बैठक को संबोधित करते हुए जेजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय चौटाला ने कहा कि समय आ गया है कि जब उत्साह के साथ चुनावी मोड में आया जाए क्योंकि चुनावी वर्ष की शुरुआत हो चुकी है इसलिए अब जजपा को भी कमर कस कर मैदान में उतरना होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता पूर्ण तालमेल के साथ संगठन की मजबूती को और वृद्धि देने के लिए जुट जाएं। अजय चौटाला ने कहा कि इसके लिए कार्यकर्ता हर संभव प्रयास करें और नए लोग पार्टी के साथ जोड़े। उन्होंने कहा कि इसके लिए जरूरी है कि पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाया जाए।
डॉ अजय सिंह चौटाला ने कहा कि हरियाणा के उपमुख्यमंत्री के रूप में दुष्यंत चौटाला ने प्रदेश के विकास को नये आयाम दिए हैं। उन्होंने कहा कि गठबंधन सरकार में पार्टी के कई चुनावी वादे पूरे हुए है। साथ ही पार्टी ने गठबंधन धर्म को भी पूर्ण ईमानदारी के साथ निभाया है और आज भी गठबंधन मजबूती के साथ कायम है। अजय चौटाला ने कहा कि आने वाले लोकसभा तथा हरियाणा विधानसभा चुनावों में जीत का परचम लहराने के लिए लोगों तक अपनी बात पहुंचाएं।
जेजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय चौटाला ने कहा कि जेजेपी ही सच्ची जनहितैषी पार्टी है, जिसमें आम लोगों के हित सुरक्षित हैं। जजपा सबको साथ लेकर चलती है, जिसका उद्देश्य जनसेवा है। पार्टी की नीतियां लोगों के हितों को ध्यान में रखकर बनाई जाती हैं। जजपा की लोकप्रियता लगातार बढ़ोतरी की ओर अग्रसर है। इससे पहले जेजेपी के वरिष्ठ नेता देवेंद्र कादियान ने यहां पहुंचने पर स्वागत किया।
साथ ही डॉ. अजय सिंह चौटाला ने अपने छोटे पुत्र एवं जेजेपी प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला के विवाह का निमंत्रण पार्टी कार्यकर्ताओं को दिया। उन्होंने सोनीपत जिले की सभी ग्राम पंचायतों को भी जजपा के प्रधान महासचिव के 10 मार्च को सिरसा में होने वाले विवाह कार्यक्रम का न्योता दिया।
इस दौरान जेजेपी के प्रदेशाध्यक्ष सरदार निशान सिंह ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए चुनाव को लेकर कमर कसने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने विस्तार से जजपा की रणनीति को लेकर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं को टिप्स भी दिए। इस मौके पर जेजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बहन फूलवती, राष्ट्रीय संगठन सचिव राजेंद्र लितानी, युवा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र सांगवान, देवेंद्र कादियान, जिला प्रधान सुरेश काला सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया।

Comments