डीसी वीरेंद्र कुमार दहिया ने विकास कार्यों को लेकर एसडीएम कार्यालय समालखा में सभी संबंधित अधिकारियों की बैठक ली
BOL PANIPAT : 27 जुलाई। डीसी वीरेंद्र कुमार दहिया ने वीरवार को उपमंडल समालखा में चल रहे विकास कार्यों को लेकर एसडीएम कार्यालय समालखा में सभी संबंधित अधिकारियों की बैठक ली और उन्हें निर्देश दिए कि वे काम में कोताही न बरतें समालखा में अवैध कब्जे हटाने और विकास कार्यों में गति बढ़ाने को लेकर प्रयास करें।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका द्वारा करवाए जा रहे विभिन्न कार्यों को लेकर उनके पास काफी शिकायतें आ रही हैं जिसे भविष्य में सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने नगरपालिका सचिव को विशेष तौर पर चेतावनी दी कि वे अपने काम को जिम्मेदारी के साथ करें और जब भी उपमंडल मुख्यालय से छुट्टी पर जाएं तो एसडीएम समालखा की अनुमति के बगैर स्टेशन ना छोड़े।
बैठक के बाद उन्होंने एसडीएम कार्यालय में विभिन्न कार्यों को लेकर शिकायत देने पहुंचे लोगों की शिकायतों को भी सुना और संबंधित अधिकारियों को निर्देश भी दिए। उन्होंने समालखा गुड मंडी रिहायशी क्षेत्र में चल रही पशु डेयरी को लेकर भी एसडीएम समालखा अमित कुमार के साथ-साथ नगरपालिका सचिव और अन्य अधिकारियों को मौके पर जाकर निरीक्षण करने के निर्देश दिए और कहा कि रिहायशी इलाकों में पशु डेयरी होने के कारण गोबर की निकासी नालियों में होती है जिससे जल निकासी नहीं हो पाती और गलियों में पानी भर जाता है। उन्होंने आए हुए सभी नागरिकों को आश्वस्त किया कि संबंधित पशु डेयरी के खिलाफ जुर्माना लगाकर कार्यवाही की जाएगी और भविष्य में उसे अपनी डेयरी ओर दूसरी जगह शिफ्ट करने के निर्देश भी दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि एसडीएम कार्यालय व अन्य कार्यालयों में क्लर्कों की हड़ताल को लेकर लोगों को समस्याएं आ रही है। जिसको लेकर 20 क्लर्क दूसरे कार्यालयों से बुलाए गए हैं और वे संबंधित कार्यों का निष्पादन करेंगे ताकि लोगों को दिक्कतों का सामना ना करना पड़े। इस मौके पर एसडीएम समालखा अमित कुमार, डीएसपी नरेंद्र सिंह के अलावा उपमंडल समालखा के सभी अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments