न्यू कोलंबो योजना के तहत ऑस्ट्रेलिया से गीता यूनिवर्सिटी पहुंचे छात्रों के दल ने पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत से कार्यालय में की मुलाकात.
-ऑस्ट्रेलियाई छात्रों को भारतीय पुलिस फॉरेंसिक साइंस की कार्यप्रणाली से कराया अवगत
BOL PANIPAT : 6 जुलाई 2024, न्यू कोलंबो योजना के तहत ऑस्ट्रेलिया की मर्डोक यूनिवर्सिटी के फॉरेंसिक साइंस विभाग से दस सदस्यीय छात्रों के दल ने शुक्रवार को पानीपत पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत से उनके कार्यालय में मिलकर भारतीय पुलिस की कार्यप्रणाली को समझा। यह दल दस दिनों तक गीता यूनिवर्सिटी में फोरेंसिक साइंस की बारिकियों को सीखने के लिए आया हुआ है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ऑस्ट्रेलिया सरकार द्वारा उनके स्नातक छात्रों को भारत भेज कर यहां की शिक्षा पद्धति व संस्कृति के विषय में शोध के लिए प्रोत्साहित करना है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे ऑस्ट्रेलिया के छात्रों को पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने भारतीय पुलिस की अपराधिक जांच प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को बताया कि जांच के दौरान फोरेंसिक एक्सपर्ट की अहम भूमिका होती हैं। फोरेंसिक साइंस अपराध करने वाले को अंजाम तक पहुंचती है। इस दौरान उन्होंने फिंगर प्रिंट जांच, डीएनए फोरेंसिक इत्यादि के विषय में विस्तृत रूप से जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने इसके साथ ही पुलिस द्वारा महत्वपूर्ण केसों को फॉरेंसिक साइंस की मदद से सुलझाने में जो सफलता मिली है उनके बारे में विस्तार से जानकारी देकर महत्वपूर्ण बिंदुओं बारे बताया गया।
साथ ही तीन नए आपराधिक कानूनों में फोरेंसिक साइंस को जो प्राथमिकता दी गई है उसके बारे में बताया कि किसी भी मामले में अगर सजा का प्रावधान 7 साल या इससे ज्यादा है तो नए कानून के तहत फोरेंसिक साइंस की टीम का घटना स्थल पर जाना अनिवार्य है।
पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने डेलिगेशन की सराहना करते हुए कहा कि एकेडमी, यूनिवर्सिटी के छात्रों के डेलिगेशन भ्रमण से पुलिस व छात्रों को एक दूसरे देश में की जाने वाली कार्यप्रणाली के बारे में काफी जानकारी मिलेगी। दोनों को और बेहतर सीखने व करने का मौका मिलेगा।
इस अवसर पर ऑस्ट्रेलियाई दल के साथ पहुंची प्रोफेसर डॉ पोला ए मगनी व गीता यूनिवर्सिटी फॉरेंसिक साइंस विभाग के अध्यक्ष डॉ जसकरन सिंह भी उपस्थित रहे।

Comments