इलेक्शन कमीशन के निर्देश पर नये मतदाता जोडऩे को लेकर हो रहा घर-घर सर्वे : उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी।
-उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने ली राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक
-निर्वाचक नामावली 20 अगस्त को जाएगी पब्लिशिंग के लिए।
-राजनीतिक दलों की अगली बैठक बुधवार को प्रस्तावित
BOL PANIPAT , 17 जुलाई। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ.वीरेन्द्र कुमार दहिया ने बुधवार को जिला सचिवालय में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उपायुक्त ने बताया कि राजनीतिक पार्टियां भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आदेशों की पालना के तहत मतदाता सूची का निरीक्षण कराएं तथा मतदान केन्द्रवार मृत व्यक्ति जिनकी वोट मतदाता सूची से हटाई जानी है व त्रुटि की शुद्धि कराई जानी है के बारे में जिला निर्वाचन कार्यालय को सूचित करें। उपायुक्त ने कहा कि 21 जुलाई से 22 जुलाई तक 1 से 8 फार्मेट की तैयारी का कार्य होगा। 25 जुलाई से वोट बनाने का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। 20 अगस्त को निर्वाचक नामावली पब्लिशिंग के लिए जाएगी। उपायुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे वोट बनवायें व चुनाव आयोग की वेबसाइट पर अपनी वोट की जानकारी भी ले सकते है।
उपायुक्त ने बताया कि सभी राजनीतिक दल वोट से वंचित व्यक्तियों को विशेष अभियान तिथियों की जानकारी दें व मतदान केन्द्रों पर 27 जुलाई, 28 जुलाई, 3 अगस्त व 4 अगस्त को सभी बूथ लेवल अधिकारी 9 बजे से सायं 5 बजे तक संबंधित मतदान केन्द्रों पर उपस्थित रहकर दावे तथा आपत्तियोंं के फार्म प्राप्त करें।
उपायुक्त ने सभी बीएलओ को घर घर जाकर मतदाताओं का डाटा बीएलओ एप पर वेरीफाई करने के आदेश दिए। उपायुक्त ने बताया कि अधिकारी बीएलओ की वेरिफिकेशन रिपोर्ट के आधार पर मतदाता सूचियों की त्रुटियों में सुधार करना सुनिश्चित करें। ग्रामीण क्षेत्रों में सभी पटवारी, चौकीदारों के माध्यम से प्रोग्राम का व्यापक प्रचार करवाएं तथा नगर निगम एवं नगर पालिका द्वारा प्रोग्राम के प्रचार हेतु मुनादी करायें। शहरी क्षेत्र में पार्षदों की मीटिंग करके पार्षदों के माध्यम से व्यापक प्रचार कराएं।
उपायुक्त ने बताया कि पुनरीक्षण 2024 के अन्तर्गत प्राप्त दावे तथा आपत्तियों का समय पर निपटारा करके ईरोनेट पर डाटा फीडिंग का कार्य निर्धारित समय सीमा में सम्पन्न करवाना सुनिश्चित करें। सभी ईआरओ व एईआरओ मतदान केन्द्रों पर जाकर सुपरवाईजरों तथा बीएलओ के कार्यो का औचक निरीक्षण करके पड़ताल करेंगे तथा निर्देशों की पालना सुनिश्चित करेंगे। इस मौके पर एसडीएम मनदीप सिंह, एसडीएम ज्योति मित्तल इसराना, जिला निर्वाचन तहसीलदार सुदेश राणा मौजूद रहें।

Comments