एसडी पीजी कॉलेज पानीपत की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अवसर पर देश भक्ति के भाव से लबरेज भव्य तिरंगा यात्रा का किया गया आयोजन
–एनएसएस के तत्वाधान में स्वयंसेवकों ने ली देश, समाज और समस्त मानव कल्याण की शपथ
–लोगों में देशभक्ति की भावना पैदा करना और राष्ट्र निर्माताओं के योगदान को याद करना है ‘हर घर तिरंगा अभियान’ का उद्देश्य: डॉ अनुपम अरोड़ा
BOL PANIPAT : 12 अगस्त. एसडी पीजी कॉलेज पानीपत की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाइयों द्वारा ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत कॉलेज प्रांगण में एनएसएस के लगभग 100 कार्यकर्ताओं एवं छात्र-छात्राओं ने तिरंगा हाथ में लेकर देश, समाज और समस्त मानव कल्याण की शपथ ली और तिरंगा यात्रा में हिस्सा लिया । प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा, एनएसएस प्रभारी डॉ राकेश गर्ग और डॉ संतोष कुमारी की अगुआई में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के पावन अवसर पर देश भक्ति के भाव से ओतप्रौत भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया जिसमे एनएसएस स्वयंसेवकों, छात्र-छात्राओं एवं प्राध्यापकों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया । हाथों में राष्ट्रीय ध्वज उठाये तथा देश भक्ति के नारे लगाते हुए सभी कार्यकर्ताओं ने समाज में राष्ट्र भक्ति और भाईचारे के भावों को संचारित किया । विदित रहे कि आजाद भारत में तिरंगे का एक खास मुकाम है और 26 जनवरी 2002 वह ख़ास दिन था जब भारत के आम नागरिकों को अपनी मर्जी के हिसाब से कही भी और किसी भी समय झंडा फहराने की अनुमति मिली । अब सभी भारतीय गर्व के साथ अपने घरों, कार्यालयों, फैक्ट्रियों आदि में तिरंगा फहरा सकते हैं । ‘इन्कलाब जिंदाबाद’, ‘वन्दे मातरम’, ‘भारत माता की जय’ के उदघोष लगाते जब युवा स्वयंसेवक कॉलेज से निकले तो उनका जज्बा देखते ही बनता था । इससे पहले कॉलेज एनएसएस स्वयंसेवकों ने प्रात: काल शिवाजी स्टेडियम पानीपत जाकर वहां आयोजित विशाल तिरंगा यात्रा में हिस्सा लिया और इस यादगार पल में अपनी उपस्थिति दर्ज की ।
कॉलेज प्रधान दिनेश पवन गोयल ने कहा कि सरकार की ओर से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है और यह अभियान देश को नई उर्जा और गति प्रदान करेगा । सरकार के इस अभियान के तहत पूरे देश में अधिक से अधिक घरों पर तिरंगा झंडा फहराना चाहती है । इसीलिए भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने पर आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 से 15 अगस्त के बीच एक विशेष अभियान ‘हर घर तिरंगा’ का ऐलान किया था ।
प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा ने तिरंगे को फहराते समय कुछ सावधानियां बरतने को कहा । उन्होनें कहा कि तिरंगा फहराते समय हमें इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि तिरंगे का सम्मान सर्वोपरि रहे । हमें कभी भी गंदा या फटा हुआ झंडा नहीं फहराना चाहिए । तिरंगे को कभी भी उल्टा नहीं फहराना चाहिए । झंडे को कभी भी किसी के समक्ष झुकाना नहीं चाहिए । इस बात का ध्यान रहे की तिरंगे के आसपास कोई दूसरा ध्वज न तो उससे ऊंचा हो और न ही उसकी बराबरी पर हो । उन्होनें कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है और इसका सम्मान भारत माता का सम्मान है । ‘हर घर तिरंगा अभियान’ लोगों को अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज लगाने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए शुरू किया गया है । इस कदम का मकसद लोगों के दिलों में देशभक्ति की भावना उत्पन्न करना और राष्ट्र निर्माण के लिए अथक प्रयास करने वालों के योगदान को याद करना है । सभी नागरिकों को इस अभियान के तहत अपने घरों में तिरंगा लगाना चाहिए । ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत हम अपने स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रीय नायकों के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए अपने घरों की छत पर राष्ट्रीय ध्वज अवश्य लगायेंगे ऐसी उन्हें पूरी उम्मीद है । आज की रैली और यात्रा को आयोजित करने का उद्देश्य नागरिकों एवं समाज को प्रोत्साहित करना है ताकि वे भी इस सुअवसर पर अपने भावों को अभिव्यक्त करें ।
इस अवसर पर स्टाफ सदस्यों और विद्यार्थियो ने देश की एकता और अखंडता को संजोने की शपथ ली ।

Comments