Thursday, July 30, 2026
Newspaper and Magzine


विश्व हिंदी दिवस पर अंत:महाविद्यालय निबंध-लेखन प्रतियोगिता का हुआ आयोजन.

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at January 10, 2025 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : आर्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय पानीपत के हिंदी विभाग द्वारा संचालित हिंदी साहित्य परिषद के तत्वावधान में विश्व हिंदी दिवस के शुभ अवसर पर अंत:महाविद्यालय निबंध-लेखन प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया। हिंदी भाषा की अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती स्थिति को ध्यान में रखते हुए ‘वैश्विक पटल पर हिंदी, सोशल मीडिया का हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार में योगदान’ नामक विषय निबंध-लेखन प्रतियोगिता के लिए निर्धारित किए गए। प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने हिंदी साहित्य परिषद के संरक्षक होने के नाते हिंदी विभाग के सभी प्राध्यापकों एवं सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान के तकनीकी युग में हिंदी भाषा का विशेष महत्त्व है। हिंदी भाषा अपने सामर्थ्य से वैश्विक भाषा बन रही है। हमारा कर्त्तव्य है कि हम अपनी मातृ भाषा हिंदी को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में योगदान दें। विश्व हिंदी दिवस सिर्फ दिन नहीं है अपितु विश्व में हिंदी के बढ़ते कद को उत्सव के रूप में मनाने का दिन है। प्रतियोगिता एवं परिषद संयोजक प्रा. विजय सिंह ने बताया कि हिंदी साहित्य परिषद विद्यार्थियों को रचनात्मक कौशल में दक्ष करने हेतु निरंतर अनेक साहित्यिक गतिविधियों का आयोजन करती रहती है। जिनके माध्यम से जिज्ञासु एवं लेखन के प्रति उत्साही विद्यार्थियों को आत्माभिव्यक्ति का सशक्त मंच मिलता है।प्रतियोगिता में महाविद्यालय के अनेक विद्यार्थियों ने बढ़ चढ़ कर अपनी सहभागिता निभाई। हिंदी  विभाग से प्रा. विजय सिंह, प्रा. गोपाल, प्राध्यापिका कविता के निर्देशन में निबंध-लेखन प्रतियोगिता संपन्न हुई, निबंधों का गहन मूल्यांकन कर शीघ्र ही विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। हिंदी साहित्य परिषद विद्यार्थियों के भविष्य को उज्ज्वल बनाने के प्रति समर्पित है।

Comments