Saturday, April 25, 2026
Newspaper and Magzine


डीपीएस पानीपत रिफाइनरी में दो दिवसीय इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्यआयोजन

By LALIT SHARMA , in Business SPORTS , at April 19, 2025 Tags: , , , , , ,

BOL PANIPAT :  दिल्ली पब्लिक स्कूल, पानीपत रिफाइनरी द्वारा पानीपत रिफाइनरी की मिनी स्मार्ट सिटि के खेल मैदान में  दिनांक 18-19 अप्रैल, 2025 को दो दिवसीय इंटर स्कूल T-10 क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में पानीपत व आसपास के प्रतिष्ठित विद्यालयों की कुल 12 टीमों ने भाग लिया। टूर्नामेंट का उद्देश्य छात्रों में खेल भावना, अनुशासन, नेतृत्व और टीम वर्क जैसे गुणों का विकास करना रहा।

दो दिनों तक चले इस प्रतियोगिता में छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया और खेल का भरपूर आनंद लिया। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला दिल्ली पब्लिक स्कूल, पानीपत रिफाइनरी और आर्यकुलम इंटरनेशनल स्कूल, करनाल के बीच खेला गया, जिसमें डीपीएस पानीपत रिफाइनरी की टीम ने 84 रनों से शानदार जीत दर्ज की। हार्दिक शर्मा को 75 रनों की धमाकेदार पारी के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ घोषित किया गया।

आज के समापन समारोह के मुख्य अतिथि, पानीपत रिफाइनरी के कार्यकारी निदेशक एवं रिफ़ाइनरी प्रमुख श्री एम. एल. डहरिया ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, खेल केवल जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व के विकास का आधार है। ऐसे आयोजन युवाओं में अनुशासन, समर्पण और टीम भावना को प्रोत्साहित करते हैं।” उन्होंने भविष्य में भी डीपीएस के ऐसे आयोजनों को रिफाइनरी द्वारा निरंतर सहयोग देने का आश्वासन दिया।

प्राचार्य सुरेन्द्र पी. सचदेवा ने कहा, “डीपीएस पानीपत रिफाइनरी का सतत प्रयास है कि विद्यार्थियों को शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी उत्कृष्ट अवसर प्रदान किए जाएं। यह टूर्नामेंट विद्यार्थियों में आत्मानुशासन, टीमवर्क और खेल नैतिकता जैसे मूल्यों के विकास की दिशा में एक सराहनीय पहल रहा। हार और जीत से परे, खेल को खेल भावना के साथ खेलना ही वास्तविक उपलब्धि है।” उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की और विजेता टीम को शुभकामनाएं दीं।

इस से पहले, टूर्नामेंट का शुभारंभ मुख्य अतिथि राकेश दुबे, मुख्य महाप्रबंधक (वित्त), पीआरपीसी ने किया था। समारोह में विवेक नारायण, महाप्रबंधक (ईएमएस) और डीपीएस के प्राचार्य सुरेन्द्र पी. सचदेवा भी उपस्थित रहे। 

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों व अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। यह टूर्नामेंट विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल रहा।

Comments