आईआईएचटी एलुमनी एसोसिएशन की 5वीं वार्षिक आम सभा सम्पन्न
टेक्सटाइल शिक्षा, छात्रों की सहायता, रोजगार एवं हथकरघा उद्योग के भविष्य पर हुई महत्वपूर्ण चर्चा
BOL PANIPAT , 17 मई 2026: आईआईएचटी एलुमनी एसोसिएशन की 5वीं वार्षिक आम सभा (AGM) का आयोजन जिमखाना क्लब, पानीपत में सफलतापूर्वक किया गया। इस कार्यक्रम में देशभर से आए एलुमनी सदस्यों, टेक्सटाइल उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों तथा गणमान्य अतिथियों ने भाग लिया।
आईआईएचटी एलुमनी एसोसिएशन भारत के 6 प्रमुख आईआईएचटी संस्थानों के पूर्व छात्रों द्वारा गठित एक संगठन है, जिसका उद्देश्य टेक्सटाइल एवं हैंडलूम शिक्षा को बढ़ावा देना, विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करना तथा उद्योग और शिक्षा के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।
बैठक की अध्यक्षता धर्मवीर सिंह प्रधान ने की। कार्यक्रम का संचालन श्री वारिस खान ने किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से बी.बी. पॉल, ओ.पी. रणहोलिया, राकेश जैन, विपिन कनोडिया, अनिल देशवाल, वारिस खान, अनिल कुमार, अमित दुबे, आदेश जैन, संजय कौशिक, अजीत मोहंती एवं हिमांशु माथुर उपस्थित रहे।
बैठक में देशभर से लगभग 65 से अधिक आईआईएचटी एलुमनी सदस्यों ने भाग लिया तथा टेक्सटाइल एवं हैंडलूम शिक्षा के विकास, विद्यार्थियों के भविष्य, उद्योग की चुनौतियों और रोजगार के अवसरों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर आईआईएचटी एलुमनी एसोसिएशन द्वारा हरियाणा के माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का विशेष आभार व्यक्त किया गया, जिन्होंने पानीपत में आईआईएचटी संस्थान के लिए 10 एकड़ भूमि प्रदान करने की घोषणा की। सदस्यों ने इसे टेक्सटाइल शिक्षा और कौशल विकास के लिए एक ऐतिहासिक कदम बताया।
कार्यक्रम के दौरान डीएचटीटी जोधपुर की पूर्व छात्रा श्रुति शर्मा को तकनीकी हैंडलूम एंड टेक्सटाइल क्षेत्र में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। उपस्थित सदस्यों ने उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए इसे अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया।
बैठक में निम्नलिखित महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई:
आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को डिप्लोमा शिक्षा हेतु आर्थिक सहायता प्रदान करना।
हैंडलूम एवं टेक्सटाइल उद्योग में बुनकरों (Weavers) के भविष्य एवं चुनौतियों पर चर्चा।
डिप्लोमा विद्यार्थियों के लिए बेहतर रोजगार एवं करियर अवसर उपलब्ध करवाना।
उद्योग एवं एलुमनी के सहयोग से विद्यार्थियों को मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण उपलब्ध करवाना।
टेक्सटाइल क्षेत्र में आधुनिक तकनीक एवं कौशल विकास को बढ़ावा देना।
बैठक के दौरान उपस्थित अतिथियों एवं एलुमनी सदस्यों ने सुझाव दिया कि आईआईएचटी एलुमनी एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा का आयोजन भविष्य में भी पानीपत में ही किया जाए। साथ ही बैठक के समय को और अधिक बढ़ाने का सुझाव भी दिया गया, ताकि विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा और बेहतर सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि भारत की हथकरघा परंपरा को संरक्षित रखते हुए आधुनिक टेक्सटाइल तकनीकों के साथ आगे बढ़ना समय की आवश्यकता है। साथ ही युवाओं को रोजगार, उद्यमिता एवं औद्योगिक प्रशिक्षण से जोड़ने पर भी विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों, एलुमनी सदस्यों एवं आयोजकों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए किया गया।

Comments