Tuesday, June 2, 2026
Newspaper and Magzine


अवैध शराब से भरा ट्रक पकड़ा. आरोपी चालक व परिचालक गिरफ्तार. अंग्रेजी शराब की 279 पेटी व बीयर की 215 पेटी बरामद.

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at September 8, 2025 Tags: , , , , ,

-अवैध शराब को तस्करी कर चंडीगढ से बिहार ले जाया जा रहा था

BOL PANIPAT : 08 सितम्बर 2025, पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस टीम ने बीती रात अनाज मंडी में अवैध शराब से भरा एक ट्रक पकड़ा। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक व परिचालक को मौके से काबू किया। ट्रक से 279 पेट्टी अंग्रेजी शराब व 215 पेटी बीयर बरामद हुई है। अवैध शराब को तस्करी कर चंडीगढ से बिहार ले जाया जा रहा था।

एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी इंस्पेक्टर सुमित सरोहा ने बताया कि उनकी टीम रविवार को देर रात गश्त व जांच पड़ताल के दौरान जीटी रोड पर अनाज मंडी कट के पास मौजूद थी। टीम को इसी दौरान गुप्त सूचना मिली की अनाज मंडी में एक यूपी नंबर का ट्रक खड़ा है। ट्रक में भारी मात्रा में अवैध शराब होने की संभावना है।
पुलिस टीम सूचना को पुख्ता मानते हुए मौके पर पहुंची। सामने खड़े यूपी नंबर ट्रक में दो युवक बैठे दिखाई दिए।
पुलिस टीम ने दोनों युवकों को काबू कर पूछताछ की तो ड्राइवर सीट पर बैठे युवक ने अपनी पहचान राजकुमार पुत्र रामचंद्र निवासी किशनपुर मधुबन मुजफ्फरपुर बिहार व साइड में बैठे युवक ने अपनी पहचान मिंटू पुत्र जगदीश राय निवासी बिरमामठ वैशाली बिहार के रूप में बताई। ट्रक में भरे सामान बारे पूछताछ करने पर चोकर (पशुओं का चारा) भरा होना बताया।
पुलिस टीम ने ट्रक की बाडी पर लगे तिरपाल को हटाकर चैक किया तो शराब व बीयर की पेटी दिखाई दी। टीम ने एक्साइज विभाग के इंस्पेक्टर को सूचना देकर मौके पर बुलाया। शराब का लाइसेंस व परमिट मांगने पर आरोपी कोई भी कागजात पेश नहीं कर सके। आरोपियों ने ट्रक में पीछे चोकर से भरे कट्टे लगाकर उससे आगे अवैध शराब व बीयर को रखा था।
नियमानुसार पुलिस टीम ने बरामद अवैध शराब को एक्साइज इंस्पेक्टर की मौजूदगी में ट्रक से नीचे उतरवाकर गिनती की तो 279 पेटी अंग्रेजी शराब 215 पेटी बीयर की पाई गई।

प्रभारी इंस्पेक्टर सुमित सरोहा ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को वह उक्त शराब व बीयर को चंडीगढ से लोढ कर बिहार के मुजफ्फरपुर लेकर जा रहे थे। आरोपियों के खिलाफ थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में बीएनएस की विभिन्न धाराओ व एक्साईज एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर सोमवार को दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से आरोपी राजकुमार को न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया व आरोपी मिंटू को 8 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया।
रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से शराब तस्करी में संलिप्त इनके साथी आरोपियों के ठीकानों का पता लगा काबू करने का प्रयास करेगी।

Comments