नशे के खिलाफ युवाओं की रचनात्मक ताकत बनेगी बदलाव की पहचान, 25 जुलाई तक करें आवेदन: उपायुक्त डॉक्टर हरीश कुमार वशिष्ठ
नशा मुक्त युवा, विकसित भारत अभियान से जुड़े युवा, प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर
वाद-विवाद से लेकर शॉर्ट फिल्म तक, युवाओं को मिलेगा राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का मौका
युवाओं के लिए बड़ा अवसर, नशा मुक्त भारत अभियान में प्रतिभा दिखाने का आह्वान
BOL PANIPAT , 22 जुलाई। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत माई भारत प्लेटफॉर्म के माध्यम से नशा मुक्त भारत अभियान (एनएमबीए) के अंतर्गत पानीपत जिले के युवाओं के लिए जिला स्तरीय प्रतिभा खोज पहल शुरू की गई है। नशा मुक्त युवा, विकसित भारत विषय पर आधारित इस अभियान का उद्देश्य युवाओं की रचनात्मक क्षमता को निखारते हुए उन्हें नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है। इस अभियान के तहत जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा आठ विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग ले सकते हैं। इनमें यूथ डायलॉग डिबेट (वाद-विवाद), कलर्स ऑफ चेंज पेंटिंग (चित्रकला), स्लोगन राइटिंग (नारा लेखन), थीम आधारित नृत्य, डिजिटल म्यूजिक एवं रैप, जागरूकता क्विज़, स्लैम पोएट्री (कविता पाठ) तथा रील्स एवं शॉर्ट फिल्म मेकिंग शामिल हैं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के साथ-साथ समाज में नशा मुक्ति का सकारात्मक संदेश भी देंगे।
इच्छुक प्रतिभागी माई भारत के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर इवेंटस सेक्शन में पानीपत जिले की प्रतियोगिताओं का चयन कर हिंदी अथवा अंग्रेजी भाषा में अपना पंजीकरण कर सकते हैं और अपनी प्रविष्टियां ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 25 जुलाई निर्धारित की गई है। जिला स्तर पर चयनित उत्कृष्ट प्रतिभागियों को विशेष पहचान प्रदान की जाएगी। इसके बाद वे बहु-स्तरीय मूल्यांकन प्रक्रिया के माध्यम से राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर प्राप्त करेंगे। यह पहल युवाओं को रचनात्मक मंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ नशा मुक्त भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। नशा मुक्त भारत अभियान केवल जागरूकता कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं को सकारात्मक सोच, रचनात्मक अभिव्यक्ति और राष्ट्र निर्माण से जोडऩे का सशक्त माध्यम है। पानीपत के अधिक से अधिक युवा इस अभियान में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें और समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दें। यह मंच उन्हें जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर भी प्रदान करेगा। उपायुक्त ने युवाओं से समय रहते अपना पंजीकरण कर इस जनहितकारी अभियान का हिस्सा बनें और विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

Comments