हवाई फायर कर दहशत फैलाने के तीन आरोपी गिरफ्तार. वारदात में प्रयुक्त एक देसी पिस्तौल, एक जिंदा रौंद व ट्रैक्टर बरामद.
BOL PANIPAT : 29 अक्तूबर 2025, एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस टीम ने खोजकीपुर खुर्द गांव में हवाई फायर कर दहशत फैलाने के तीन आरोपियों को मंगलवार शाम को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान खोजकीपुर गांव निवासी कुलदीप, प्रीतम व रायमाल गांव निवासी सोमबीर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी कुलदीप व सोमबीर को गांव सुताना बस अड्डे के पास से व आरोपी प्रीतम को चौटाला रोड से गिरफ्तार किया है।
एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि थाना बापौली में तैनात मुख्य सिपाही सतेंद्र ने थाना में शिकायत देकर अभियोग दर्ज कराया था। मुख्य सिपाही सतेंद्र ने शिकायत में बताया था कि वह 11 अक्तूबर की रात्रि सरकारी गाड़ी से ड्राईवर सिपाही अजय के साथ गश्त के दौरान गोयल खेड़ा चौक पर था। उन्हें इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि खोजकीपुर कला गांव निवासी प्रीतम पुत्र रमेश, कुलदीप पुत्र ईशम व रायमाल गांव निवासी सोमबीर पुत्र सुरेश ने स्वराज ट्रेक्टर पर सवार होकर खोजकीपुर खुर्द गांव में सरकारी स्कूल के पास दहशत फैलाने के लिए अवैध हथियार से हवाई फायर किए है। सूचना पाकर खोजकीपुर गांव में पहुंचे। उन्होंने गांव में लगे सीसीटीवी की फुटेज की जांच की। फुटेज में तीन लड़के स्वराज ट्रैक्टर पर हथियार व गंडासी लेकर खड़े दिखाई दे रहे है। ड्राइवर सीट पर बैठा लड़का हथियार लहरा रहा है। साथ में बैठा लड़का उससे हथियार लेकर फॉयरिंग करने की कोशिश कर रहा है। इसके बाद ड्राइवर सीट पर बैठा लड़का उससे हथियार लेकर हवाई फायर करते दिख रहा है। दूसरी और बैठा लड़का गंडासी को लहरा रहा है। थाना बापौली में मुख्य सिपाही सतेंद्र की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई थी।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के संज्ञान में उक्त मामला आते ही उन्होंने आरोपियों की धरपकड़ की जिम्मेदारी एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस टीम को सौंपी थी। एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस की टीम आरोपियों की धरपकड़ में जुटी थी। पुलिस टीम ने मंगलवार शाम को मिली गुप्त सूचना पर दबिश देकर आरोपी कुलदीप व सोमबीर को गांव सुताना बस अड्डे के पास से व आरोपी प्रीतम को चौटाला रोड से गिरफ्तार किया।
प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि पूछताछ में तीनों आरोपियों ने मिलकर खोजकीपुर गांव में हवाई फायर कर दहशत फैलाने की उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। पूछताछ में आरोपी प्रीतम ने पुलिस को बताया वह करीब 6 महीने पहले यूपी के कैराना में राह चलते गुड़ की रेहड़ी वाले से 1 देसी पिस्तौल व 2 जिंदा रौंद खरीदकर लाया था। गांव में दहशत फैलाने के लिए एक रौंद हवाई फायर कर दिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक देसी पिस्तौल, एक रौंद व स्वराज ट्रैक्टर बरामद कर बुधवार को पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।
आरोपी प्रीतम का पहले भी आपराधिक रिकार्ड होना पाया गया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट व लड़ाई झगड़े का एक-एक मामला दर्ज है। आरोपी मामलों में जेल से बेल पर आया हुआ है।

Comments