जिला स्तरीय युवा महोत्सव 3-4 नवंबर को
-युवाओं को हुनर दिखाने का देगा मंच मौका
BOL PANIPAT , 31 अक्टूबर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में जिला स्तरीय युवा महोत्सव 3 और 4 नवंबर को एस.डी. कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा। युवा महोत्सव का शुभारंभ पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज द्वारा किया जाएगा, जबकि समापन समारोह में हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
प्रधानाचार्य एवं जिला युवा संयोजक अधिकारी डॉ. कृष्ण कुमार ने बताया कि महोत्सव में केवल वही प्रतिभागी शामिल होंगे जिन्होंने माई भारत पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवाया है। प्रतियोगिताओं में फोक डांस ग्रुप, फोक सॉन्ग ग्रुप, स्टोरी राइटिंग, पेंटिंग, डिक्लेमेशन, पोएट्री राइटिंग, ग्रुप एवं सोलो फोक म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट प्रतियोगिता, इनोवेशन ट्रैक आदि शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि फोक डांस और फोक सॉन्ग ग्रुप प्रतियोगिताएं केवल हरियाणवी संस्कृति पर आधारित होंगी। प्रत्येक ग्रुप में अधिकतम 13 प्रतिभागी (साजिंदे सहित) भाग ले सकेंगे, जिन पर आयु सीमा लागू नहीं होगी। उन्होंने बताया कि जिला युवा महोत्सव के लिए फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 2 नवंबर निर्धारित की गई है। प्रतिभागियों की आयु 1 सितंबर को 15 से 29 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा माई भारत पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है। प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक ही प्रतियोगिता में भाग ले सकेगा।
विजेता को सोलो प्रतियोगिता में प्रथम विजेता को 3100, द्वितीय को 2100 व तृतीय को 1100 का नकद पुरस्कार मिलेगा। वहीं ग्रुप प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान पाने वाले को 31000, द्वितीय को 21000 व तृतीय को 11000 की राशि प्रदान की जाएगी। सभी पुरस्कार राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे विजेताओं के बैंक खातों में भेजी जाएगी।
जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त प्रतिभागी हरियाणा राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में भाग लेंगे, और राज्य स्तर के विजेताओं को राष्ट्रीय युवा महोत्सव में भाग लेने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि अब तक जिले के सरकारी व निजी स्कूल-कॉलेजों से 121 से अधिक प्रविष्टियां प्राप्त हो चुकी हैं।
विदित रहे कि यह प्रतियोगिता पूरी तरह ओपन कैटेगरी में है। जिले के किसी भी गांव से इच्छुक प्रतिभागी राजकीय आईटीआई पहुंचकर फार्म भर सकते हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि किसी भी प्रतियोगिता में प्रवेश शुल्क नहीं लिया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को इस महोत्सव में भाग लेने के लिए प्रेरित करें ताकि उनके भीतर छिपे हुनर को राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया जा सके।

Comments