13 दिसंबर को लगेगी चौथी नेशनल लोक अदालत: वर्षा शर्मा
-जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने शुरू की तैयारी
BOL PANIPAT , 28 नवम्बर। जिले में चौथी राष्ट्रीय लोक अदालत 2025 का आयोजन 13 दिसंबर (शनिवार) को किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है।
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-कम-सचिव, डीएलएसए पानीपत वर्षा शर्मा ने बताया कि एचएएलएसए के निर्देश अनुसार हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पंचकूला की ओर से भेजे गए पत्र के बाद अब जिले में लोक अदालत के लिए मामलों को चिन्हित करने और अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
विदित रहे कि लोक अदालत में आपसी सहमति से कई प्रकार के विवाद, बैंक रिकवरी, बिजली-पानी बिल, मोटर दुर्घटना दावे, परिवारिक विवाद, चेक बाउंस, ट्रैफिक चालान समेत कई तरह के मामले तेजी से निपटाए जाते हैं। समझौते पर मामले निपटने से पक्षकारों का समय, पैसा और लंबी कोर्ट प्रक्रिया से राहत मिलती है।
उन्होंने जिलावासियों से अपील की है कि वे अपने लंबित या प्री-लिटिगेशन मामलों को लोक अदालत में लाकर समाधान का अवसर प्राप्त करें।

Comments