Tuesday, April 21, 2026
Newspaper and Magzine


खाद-बीज की दुकान में चोरी करने के दो आरोपी गिरफ्तार. गल्ले से 1.20 लाख रूपए की नगदी चोरी की थी.

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at December 31, 2025 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 31 दिसंबर : थाना बापौली पुलिस ने बपौली में बहरामपुर रोड पर स्थित खाद-बीज की दुकान से 1.20लाख रूपए चोरी करने के दो आरोपियों को काबू किया। आरोपियों की पहचान अशोक विहार कॉलोनी निवासी फरमान व सद्दाम के रूप में हुई है। दोनों आरोपी चोरी की अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे थे।

थाना बापौली प्रभारी सब इंस्पेक्टर विरेंद्र ने बताया कि उनकी टीम को मंगलवार शाम को गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि बापौली में हनुमान चौक के पास संदिग्ध किस्म के दो युवक घूम रहे है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों युवकों ने मिलकर 18 दिसंबर को दोपहर करीब 1.30 बजे बापौली अनाज मंडी गेट के नजदीक बहरामपुर रोड पर स्थित खाद बीज की एक दुकान में गल्ले से 1 लाख 20 हजार रूपए की नगदी चोरी करना स्वीकारा। चोरी की उक्त वारदात बारे थाना बापौली में अतौलापुर गांव निवासी सुरेश पुत्र सेवाराम की शिकायत पर अभियोग दर्ज है। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपनी पहचान फरमान पुत्र तौफिक व सद्दाम पुत्र नफीस निवासी अशोक विहार कॉलोनी के रूप में बताई।

चोरी की अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में धूम रहे थे

प्रभारी सब इंस्पेक्टर विरेंद्र ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया वह दोनों नशा करने के आदी है। नशे की लत पूरी करने के लिए पैसो की जरूरत पड़ी तो उन दोनों ने मिलकर चोरी की उक्त वारदात को अंजाम दिया। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया मंगलवार शाम को वह चोरी की अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में पानीपत से बाइक पर बापौली आए थे। बाइक हनुमान चौक से करीब 100 मीटर पहले खड़ी कर दी थी और पैदल दुकानों को रेकी कर रहे थे। तभी पुलिस ने उन दोनों को काबू कर लिया। आरोपियों ने खाद बीज की दुकान में चोरी करने की वारदात में भी उक्त बाइक का प्रयोग किया था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद कर बुधवार को दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उन्हे 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ करने के साथ चोरी की नगदी बरामद करने का प्रयास करेगी।

एक आरोपी का पहले भी आपराधिक रिकार्ड

आरोपी सद्दाम का पहले भी आपराधिक रिकार्ड होना पाया गया है। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2023 में थाना समालखा में चोरी का एक अभियोग दर्ज है। आरोपी उक्त मामले में जेल से बेल पर आया हुआ है।

Comments