संस्कृत भाषा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से संस्कृत पीपीटी निर्माण कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया।
BOL PANIPAT : आई.बी. स्नातकोत्तर महाविद्यालय में संस्कृत भाषा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से संस्कृत पीपीटी निर्माण कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को संस्कृत विषय वस्तु को डिजिटल माध्यम में प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए प्रशिक्षित करना था। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शशिप्रभा मलिक ने कहा कि यह कार्यशाला संस्कृत और तकनीक के समन्वय की दिशा में एक सराहनीय पहल है। ऐसी कार्यशालाएँ संस्कृत भाषा को नई पीढ़ी के लिए रोचक, उपयोगी और व्यवहारिक बनाने में सहायक सिद्ध होती हैं। कार्यशाला में संस्कृत विभाग की प्राध्यापिका सोनिया वर्मा के द्वारा विद्यार्थियों को पीपीटी बनाने की मूल तकनीकों, जैसे स्लाइड डिजाइन, विषय चयन, संस्कृत भाषा में शुद्ध एवं सरल प्रस्तुति, चित्रों तथा एनीमेशन के उचित प्रयोग आदि की जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि किस प्रकार संस्कृत श्लोकों, सुभाषितों और विषयगत सामग्री को आकर्षक ढंग से स्लाइड्स में शामिल किया जा सकता है। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने स्वयं संस्कृत विषय पर पीपीटी तैयार की। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से रचनात्मकता का परिचय दिया। कार्यशाला के अंत में तैयार की गई कुछ उत्कृष्ट पीपीटी प्रस्तुतियों का प्रदर्शन भी किया गया। प्रतिभागियों ने इस कार्यशाला को ज्ञानवर्धक बताते हुए भविष्य में इस प्रकार के और कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की।

Comments