Saturday, February 14, 2026
Newspaper and Magzine


लोकगीतों की मिठास और भांगड़े की थाप से बिखरा आर्य कॉलेज में लोहड़ी के उत्सव का रंग

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at January 13, 2026 Tags: , , , , , ,

–    तीज-त्योहारों को मनाने से राष्ट्रीय एकता को मजबूती मिलती है – प्रो. (डॉ.) जगदीश गुप्ता

BOL PANIPAT : 13 जनवरी 2026, जीटी रोड स्थित आर्य पीजी कॉलेज के प्रांगण में मंगलवार को लोहड़ी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। कॉलेज प्राचार्य प्रो. (डॉ.) जगदीश गुप्ता व अन्य स्टाफ सदस्यों ने भारतेंदु मंच के समक्ष लोहड़ी में आग जलाकर यह पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया। सभी विद्यार्थियों ने आग में मूंगफली व रेवड़ी डाली। इसके पश्चात महाविद्यालय के छात्र व छात्राएं ढोल की थाप पर जमकर थिरके। प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने महाविद्यालय के सभी स्टाफ सदस्यों व विद्यार्थियों को लोहड़ी व मकर संक्रांति की बधाई दी। वहीं कॉलेज प्रबंधन समिति के प्रधान सुरेन्द्र शिंगला, उप प्रधान वीरेंद्र शिंगला, महासचिव सीए कमल किशोर व  कोषाध्यक्ष पीयूष आर्य समेत उपस्थित सदस्यों ने लोहड़ी एवं मकर संक्रांति की प्राचार्य प्रो. (डॉ.) जगदीश गुप्ता, सभी स्टाफ सदस्यों व विद्यार्थियों को बधाई दी। मंच संचालन डॉ. गीतांजली धवन ने किया। उन्होंने लोहड़ी की लोकथाओं व गीतों के माध्यम से इस पर्व की महत्वता पर प्रकाश डाला।  

महाविद्यालय के प्रतिभावान छात्रों एवं छात्राओं ने लोहड़ी के लोकगीतों व गिददे पर शानदार समूह नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। प्रस्तुति इतनी लाजवाब थी कि पूरा महाविद्यालय प्रांगण तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा। इस मौके पर ‘’सुंदर मुंदरीए होय, तेरा कौन विचारा होय, दुल्हा भट्टी वाला होय’’ गीत के द्वारा कॉलेज के विद्यार्थियों ने इस उत्सव के रंग हर तरफ बिखेर दिए। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों को मुंगफली व रेवड़ियाँ बांटी गई।

प्राचार्य प्रो. (डॉ.) जगदीश गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि हर त्योहार समाज को एकता के सूत्र में पिरोने का काम करता हैं। तीज-त्योहारों को मनाने से देश में सद्भावपूर्ण माहौल बनता है और राष्ट्रीय एकता को मजबूती मिलती है। यह पर्व मकर संक्रांति से ठीक एक दिन पहले आता है और शीत ऋतु के अंत और नई फसल के आगमन का प्रतीक माना जाता है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे राष्ट्र को आगे ले जाने में अपना योगदान दें और निरंतर कड़ी मेहनत करते हुए जीवन में सफलता हासिल करें।

इस अवसर पर डॉ. अनुराधा सिंह, डॉ. रामनिवास, डॉ. सतबीर, डॉ. मधु गाबा, डॉ. अनिल वर्मा, डॉ. मीनल तालस, डॉ. मनीषा डुडेजा, डॉ. विजय सिंह, डॉ. दिनेश कुमार, डॉ. रजनी शर्मा, डॉ. विवेक गुप्ता, प्रो. मिनाक्षी चौधरी, प्रो. पंकज चौधरी, प्रो. आस्था गुप्ता सहित कॉलेज के शिक्षकवर्ग और गैर शिक्षकवर्ग के सभी सदस्य मौजूद रहें।

Comments