पानीपत सीआईए वन व सोनीपत एसटीएफ की संयुक्त टीम ने मनी एक्सचेंज के ऑफिस पर फायरिंग कर जानलेवा हमला करने के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया
BOL PANIPAT, 21 मार्च: असंध रोड अनेजा पेट्रोल पंप के पास स्थित मनी एक्सचेंज के ऑफिस पर फायरिंग कर जानलेवा हमला करने वाले तीन आरोपियों को पानीपत पुलिस ने काबू किया। सीआईए वन व सोनीपत एसटीएफ की संयुक्त टीम ने शुक्रवार रात मिली गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को चोटाला रोड से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान सोनीपत के कबीरपुर निवासी संदीप, कोट मोहल्ला निवासी कृष्ण उर्फ काकू व रोहणा गांव निवासी कुनाल के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने शनिवार को जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में प्रेसवार्ता में बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार की टीम को आरोपियों की धरपकड़ की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। पुलिस टीम अपने सभी सोर्स एक्टिव कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए प्रयासरत थी। सोनीपत एसटीएफ की टीम का भी सहयोग लिया जा रहा था। पुलिस टीम को शुक्रवार रात को गुप्त सूचना मिली थी कि तीनों बदमाश चोटाला रोड पर खड़े है। सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार व सोनीपत एसटीएफ के इंस्पेक्टर योगिंद्र दहिया की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिष देकर तीनों बदमाशों को काबू किया। पकड़े गए तीनों बदमाश सोनीपत जिले के रहने वाले है। पूछताछ में आरोपियों ने मनी एक्सचेंज के ऑफिस पर फायरिंग करने की उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकारा।

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में तीनों आरोपियों से खुलासा हुआ कि उन्होंने पानीपत जिले के गांव निवासी विदेश में बैठे दो युवकों के कहने पर दहशत फैलाने के लिए मनी एक्सचेंज के ऑफिस पर फायरिंग की थी। विदेश में बैठे दोनों युवकों ने इनको पैसों का प्रलोभन देकर वारदात को अंजाम दिलवाया था। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने पुलिस को बताया उन्होंने शार्टकट तरीके से पैसे कमाने व लग्जरी लाइफ जीने की चाहत में वारदात को अंजाम दिया। पूछताछ में खुलासा हुआ 14 मार्च को तीनों आरोपी सोनीपत से एक बगैर नंबर प्लेट की एचएफ डिलक्स बाइक पर सवार होकर पानीपत आए थे। आरोपी कुनाल कही जाने की बात कहकर अपने एक जानकार से बाइक मांग कर लाया था। बाइक को आरोपी कृष्ण चला रहा था।
पुलिस ने शनिवार को तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उन्हें 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पुलिस अरोपियों से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही वारदात में प्रयुक्त देसी पिस्टल व बाइक बरामद करने का प्रयास करेगी। तीनों आरोपियों को रिमांड पर लेने के बाद पुलिस टीम आरोपियों को मौके पर लेकर गई और निशानदेही कराई।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने प्रेसवार्ता के दौरान मीडिया के माध्यम से युवाओं से भी अपील की कि वे इस तरह के आपराधिक प्रवृति के लोगों के झांसे में आकर अपनी लाइफ खराब ना करें और सोशल मीडिया पर अंजाम लोगों से दोस्ती करने से बचे। युवा पढाई के बलबूते पर अपने लक्ष्य को हासिल कर जीवन को सवारें।
इसके साथ ही उन्होंने अपराधियों को पुनः कड़े व साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि जिले में अपराध व अपराधियों को किसी भी रूप में पनपने नहीं दिया जाएगा।
यह है मामला
थाना माडल टाउन में शांति नगर निवासी हरीश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि असंध रोड पर अनेजा पेट्रोल पंप के पास माडल टाउन निवासी उसके ममेरे भाई गौरव मिगलानी का हॉस्ट फोरेक्स प्राइवेट लिमिटेड ने नाम से ऑफिस है। वह गौरव के साथ काम करता है। 14 मार्च को बाद दोपहर करीब 3:15 बजे वह दुकान पर कर्मचारी प्रीति के साथ बैठा हुआ था। ममेरा भाई गौरव किसी काम से बाहर गया हुआ था। तभी एक बगैर नबंर की बाइक पर तीन युवक आए और दुकान के बाहर खड़े होकर जान से मारने की नियत से गोलियां चलाई। सभी गोलियां दुकान के शीशे में लगी और वे बच गए। पुलिस ने हरिश की शिकायत पर थाना माडल टाउन में बीएनएस की धारा 109(1) व आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर आरोपियों की पहचान व धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments