गेहूं खरीद की समीक्षा, अधिकारियों को चेतावनी, किसानों के हित सर्वोपरि: उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया
गेहूं खरीद में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया
किसानों को नहीं होगी परेशानी, पोर्टल की तकनीकी खामियों के बीच प्रशासन सख्त
खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने के आदेश
हैफेड और वेयरहाउस एजेंसियों को अलर्ट: देरी या लापरवाही पर होगी बड़ी कार्रवाई
BOL PANIPAT , 15 अप्रैल। राज्य में रबी विपणन सीजन (आरएमएस) 2026-27 के तहत गेहूं खरीद संचालन की समीक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण वीडियो कांफ्रेंस का आयोजन बुधवार को राज्य स्तर पर किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता हरियाणा के मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता ने की। वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ गेहूं खरीद प्रक्रिया की विस्तृत समीक्षा की गई और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक में उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने जिले की स्थिति पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खरीद प्रक्रिया के दौरान पोर्टल में तकनीकी खामियां सामने आ रही हैं, जिसके कारण अनलोडिंग में दिक्कतें आ रही हैं। इस पर प्रधान सचिव ने संबंधित विभागों को तुरंत समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि प्रशासन किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने देगा और सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि जिले में खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारू बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। वीडियो कांफ्रेंस के बाद उपायुक्त ने विभिन्न खरीद एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक भी की। इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि गेहूं खरीद कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उपायुक्त डॉ दहिया ने कहा कि किसानों की मेहनत का सम्मान करना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। खरीद प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आई तो संबंधित अधिकारी या एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी एजेंसियां यह सुनिश्चित करें कि किसानों की फसल समय पर खरीदी जाए और लिफ्टिंग में किसी प्रकार की देरी न हो।
उपायुक्त ने विशेष रूप से हैफेड और वेयरहाउस एजेंसियों को निर्देश दिए कि वे खरीद कार्य में तेजी लाएं और फसल की समय पर लिफ्टिंग सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने कहा कि मंडियों में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या देरी किसानों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है, जिसे किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे मंडियों का नियमित निरीक्षण करें और मौके पर ही समस्याओं का समाधान करें।
इस मौके पर एसडीएम मनदीप कुमार, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप नैन, डीडीपीओ राजेश शर्मा, डीएफएससी दिव्या सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। विदित रहे कि इस बार गेहूं खरीद प्रक्रिया को पूरी तरह व्यवस्थित और किसान हितैषी बनाने के लिए हर स्तर पर सख्ती बरती जाएगी, ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Comments