एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस टीम ने 16.62 ग्राम हेरोइन सहित नशा तस्कर को किया गिरफ्तार
BOL PANIPAT, 05 मई : पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के मार्गदर्शन में एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस ने समालखा में जौरासी रोड पर एक युवक को 16.62 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान समालखा गांधी कॉलोनी निवासी रविंद्र उर्फ घोड़ा के रूप में हुई है।

एंटी नारकोटिक्स सेल इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि उनकी टीम सोमवार शाम को गश्त के दौरान समालखा में बस अड्डा के पास थी। टीम को तभी गुप्त सूचना मिली कि समालखा जौरासी रोड पर हनुमान मंदिर के पास समालखा निवासी रविंद्र मादक पदार्थ लेकर बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो सामने खड़ा युवक पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए कुछ कदमों पर ही युवक को काबू किया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान रविंद्र उर्फ घोड़ा पुत्र नरेश निवासी गांधी कॉलोनी समालखा के रूप में बताई।
पुलिस टीम ने नियमानुसार ड्यूटी मेजिस्ट्रेट तहसीलदार मतलौडा विरेंद्र गिल की मौजूदगी में युवक की तलाशी ली तो उसकी पहनी हुई लोअर की जेब से पोलिथीन में पैक हेरोइन (नशीला पदार्थ) बरामद हुई। बरामद हेरोइन का वजन करने पर 16.62ग्राम पाया गया।
इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया वह शार्टकट तरीके से पैसे कमाने के लिए 7/8 दिन पहले यूपी के बरेली में एक युवक से 30 ग्राम हेरोइन कम कीमत पर खरीद कर लाया था। उसने कुछ हेरोइन राह चलते अज्ञात नशा करने वालो को बेच दी। वह बची 16.62 ग्राम हेरोइन को बेचने के लिए समालखा जौरासी रोड पर ग्राहक की फिराक में घूम रहा था। थाना समालखा में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मंगलवार को आरोपी रविंद्र उर्फ घोड़ा को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही नशा सप्लायर के ठिकानों का पता लगा काबू करने का प्रयास करेगी।

Comments