Tuesday, May 19, 2026
Newspaper and Magzine


किसानों के लिए हर समय तत्पर है पीएनबी : सच्चिदानंद दुबे

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at May 8, 2026 Tags: , , , ,

62 करोड़ की लोन लीड्स, 35 करोड़ के स्वीकृति पत्र वितरित

मेगा कृषि आउटरीच कार्यक्रम में डिजिटल बैंकिंग योजनाओं की दी जानकारी

“एक ऐसा नाम, जिस पर आप भरोसा कर सकते हैं” : पीएनबी अधिकारियों का संदेश

BOL PANIPAT , 8 मई–पंजाब नेशनल बैंक के तत्वावधान में शुक्रवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिवाह में मेगा कृषि आउटरीच कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों, ग्राहकों और बैंक अधिकारियों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। इस दौरान 62 करोड़ रुपये से अधिक की ऋण लीड्स उत्पन्न की गईं, जबकि 35 करोड़ रुपये से अधिक के स्वीकृति पत्र लाभार्थियों को प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में प्रधान कार्यालय से पहुंचे महाप्रबंधक सच्चिदानंद दुबे ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।उन्होंने कहा कि पंजाब नेशनल बैंक हमेशा किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि बैंक किसानों की जरूरतों को समझते हुए लगातार नई योजनाएं और सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के कृषि आउटरीच कार्यक्रम पूरे भारत में आयोजित किए जा रहे हैं ताकि किसानों को बैंकिंग सुविधाओं और ऋण योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में मंडल प्रमुख अनुज वर्मा ने किसानों और ग्राहकों को बैंक द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे डिजिटल उत्पादों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल बैंकिंग आज के समय की आवश्यकता है और पीएनबी ग्राहकों को सुरक्षित, सरल और आधुनिक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेंद्र कादयान ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि पंजाब नेशनल बैंक का देश की आर्थिक प्रगति और विकास में विशेष योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि पीएनबी देश की रीढ़ की हड्डी के समान है, जिसने वर्षों से आम नागरिक, किसान और व्यापारी वर्ग का विश्वास कायम रखा है।
पीएनबी के पीएलपी हेड ललित त्यागी ने कहा कि बैंक हमेशा ग्राहकों की उम्मीदों पर खरा उतरा है और भविष्य में भी आम व्यक्ति को ऋण सुविधाओं तथा बैंकिंग सेवाओं में हरसंभव सहयोग देता रहेगा। उन्होंने कहा कि पीएनबी का उद्देश्य केवल बैंकिंग सेवाएं देना नहीं, बल्कि ग्राहकों के सपनों को साकार करने में भागीदार बनना है।
एमसीसी हेड धर्मवीर चौधरी ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी ग्राहकों और किसानों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बैंक ग्राहक सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है और भविष्य में भी इसी भावना के साथ कार्य करता रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान पीएनबी वन ऐप, डिजिटल बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड सुविधाओं तथा प्रमुख बिल्डर्स के साथ बैंक के टाई-अप संबंधी योजनाओं की जानकारी भी विस्तार से साझा की गई। बैंक अधिकारियों ने ग्राहकों को विभिन्न बैंकिंग योजनाओं, आकर्षक ऋण सुविधाओं और आधुनिक डिजिटल सेवाओं के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर हार्दिक आनंद सहित पानीपत-सोनीपत क्षेत्र के अनेक बैंक अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि पीएनबी “एक ऐसा नाम है, जिस पर आप भरोसा कर सकते हैं” और बैंक भविष्य में भी ग्राहकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करता रहेगा।

Comments


Leave a Reply