समाधान समारोह विशेष लोक अदालत की तैयारियों को लेकर डीएलएसए की अहम बैठक आयोजित
BOL PANIPAT, 14 मई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) पानीपत के पैनल अधिवक्ताओं, मध्यस्थों, लीगल एड डिफेंस काउंसिल्स एवं काउंसलर्स की एक महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी-सह-सचिव, डीएलएसए वर्षा शर्मा के कक्ष में आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य आगामी “समाधान समारोह” विशेष लोक अदालत के सफल आयोजन को सुनिश्चित करना था, जो दिनांक 21, 22 एवं 23 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया में आयोजित की जानी है।
बैठक के दौरान वर्षा शर्मा ने सभी पैनल अधिवक्ताओं, मध्यस्थों, लीगल एड डिफेंस काउंसिल्स एवं काउंसलर्स के साथ विशेष अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन एवं सफल आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने लंबित मामलों के सौहार्दपूर्ण समाधान हेतु मध्यस्थता, सुलह एवं आपसी सहमति के माध्यम से अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण के लिए गंभीर एवं सकारात्मक प्रयास करने पर विशेष बल दिया।
माननीय सचिव महोदया ने उपस्थित सदस्यों को उपयुक्त मामलों की पहचान करने, पक्षकारों से समन्वय स्थापित करने, नोटिस जारी करने तथा संबंधित पक्षों तक समयबद्ध सूचना पहुंचाने की प्रक्रिया संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए।
उन्होंने बैठक में अभियान के क्रियान्वयन में आ रही विभिन्न कमियों एवं व्यावहारिक समस्याओं पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया तथा उनके समाधान हेतु आवश्यक सुझाव एवं उपाय साझा किए गए, ताकि “समाधान समारोह” के उद्देश्यों को प्रभावी एवं सुचारू रूप से पूरा किया जा सके।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने विशेष लोक अदालत के सफल आयोजन हेतु पूर्ण सहयोग एवं सक्रिय भागीदारी का आश्वासन दिया।

Comments