Monday, May 18, 2026
Newspaper and Magzine


अभिभावकों से अपील: किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) वैक्सीन अवश्य लगवाएं।

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at May 18, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : 18 मई। डीसी डॉ वीरेंद्र कुमार दहिया ने जिला के अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) वैक्सीन अवश्य लगवाएं। उन्होंने बताया कि यह वैक्सीन सरकार द्वारा नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही है और इसका उद्देश्य बेटियों को गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखना है।
डीसी ने कहा कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा स्कूल स्तर पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाएं।
उन्होंने बताया कि यह टीकाकरण अभियान मुख्य रूप से 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों के लिए चलाया जा रहा है। यह वैक्सीन एचपीवी के टाइप-16 और 18 से सुरक्षा प्रदान करती है, जो सर्वाइकल कैंसर के प्रमुख कारण माने जाते हैं, साथ ही टाइप-6 और 11 से भी बचाव करती है।
उन्होंने बताया कि सर्वाइकल कैंसर गर्भाशय के निचले हिस्से (सर्विक्स) में विकसित होने वाला कैंसर है, जिसका मुख्य कारण एचपीवी संक्रमण है। धूम्रपान, कम उम्र में विवाह व गर्भधारण, बार-बार प्रसव तथा कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली इसके जोखिम को बढ़ाते हैं।
डीसी डॉ वीरेंद्र कुमार दहिया ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और सर्वाइकल कैंसर की घटनाओं को कम करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। जागरूकता, समय पर जांच और बेहतर उपचार सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

Comments


Leave a Reply