ई-बसों में छात्रों का बस पास पूरी तरह मान्य हो, नहीं तो 72 घंटे बाद बस स्टैण्ड गेट पर होगी तालाबंदी -इनसो
ई- बसों में बस पास मान्य करवाने की मांग लेकर इनसो ने रोड़वेज महाप्रबंधक को दिया ज्ञापन
BOL PANIPAT :-आज छात्र संगठन इंडियन नेशनल स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन (इनसो) के छात्र नेता बलराज देशवाल एवं इनसो के राष्ट्रीय महासचिव राजेन्द्र जैलदार के नेतृत्व में छात्रों ने ई-बसों में कॉलेज छात्रों के बस पास मान्य ना करने के विरोध में रोड़वेज महाप्रबंधक विक्रम कम्बोज को ज्ञापन सौंपा
इनसो छात्र नेताओं ने कहां कि 28 मई को मुख्यमंत्री द्वारा ई-बसों में कॉलेज छात्रों के बस पास को मान्य करने की जो घोषणा की गई थी, वह अभी तक जमीनी स्तर पर लागू नहीं हो पाई है।
उन्होंने कहा कि आज भी पानीपत के सभी रूटो पर ई-बसों में छात्रों से जबरन टिकट वसूला जा रहा है, जो सरकार की घोषणा के विपरीत है और छात्रों के साथ सीधा अन्याय है
छात्र नेताओं ने कहा कि एक तरफ सरकार छात्रों के हित में फैसले लेने की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ उन्हीं फैसलों को लागू करने में लापरवाही बरती जा रही है। यह स्थिति न केवल प्रशासनिक विफलता को दर्शाती है, बल्कि छात्रों के विश्वास को भी ठेस पहुंचा रही है
उन्होंने आगे कहा कि गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों से आने वाले छात्र-छात्राओं के लिए बस पास एक बड़ी राहत होता है, लेकिन ई-बसों में पास मान्य न होने के कारण उन्हें रोजाना अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है जिससे उनकी पढ़ाई पर भी असर पड़ रहा है
इनसो ने मांग की है कि:
ई-बसों में छात्रों के बस पास को तुरंत प्रभाव से पूर्ण रूप से मान्य किया जाए।
सभी बस चालकों और कंडक्टरों को स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं कि किसी भी छात्र से टिकट न लिया जाए
आदेशों की अवहेलना करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए
इनसो नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 72 घंटे के भीतर इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो इनसो छात्र संगठन सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगा।
उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो बस अड्डे के गेट पर तालाबंदी की जाएगी और प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।
अंत में उन्होंने कहा कि इनसो हमेशा छात्रों के अधिकारों के लिए संघर्ष करता आया है और आगे भी किसी भी अन्याय के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाता रहेगा
इस अवसर पर प्रिंस सिंह, सलमान , वंश टूर, दिनेश शर्मा आदि छात्र मौजूद थे

Comments