उद्योगों की तरक्की में नहीं आने दी जाएगी कोई बाधा, समस्याओं के समाधान को सरकार प्रतिबद्ध: शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा
सेक्टर 25 व 29 के उद्योगपतियों से रूबरू हुए शिक्षा मंत्री, विकास और सुविधाओं पर हुई विस्तृत चर्चा
लेबर, बिजली, सडक़ और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े मुद्दे उठे, मंत्री ने दिए त्वरित समाधान के संकेत
उद्योगों को मिलेगा बेहतर माहौल, हर समस्या का होगा चरणबद्ध समाधान
BOL PANIPAT , 12 जून। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने शुक्रवार को पानीपत के सेक्टर 25 व 29 स्थित औद्योगिक क्षेत्र में उद्योगपतियों के साथ संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। शिक्षा मंत्री महीपाल ढाँडा सैंकड़ो उद्योगपतियों से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने उद्योगपतियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं, सुझावों और आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना तथा सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। बैठक में उद्योगपतियों ने लेबर की कमी, बिजली आपूर्ति, सडक़ एवं सफाई व्यवस्था, औद्योगिक क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विकास, तकनीकी प्रशिक्षण, कर संबंधी मुद्दों, पेयजल व्यवस्था तथा औद्योगिक विस्तार से जुड़े विभिन्न विषयों को प्रमुखता से उठाया।
उद्योगपतियों ने कहा कि वर्तमान समय में कुशल श्रमिकों की उपलब्धता सबसे बड़ी चुनौती बनती जा रही है। कई इकाइयों में पर्याप्त वेतन देने के बावजूद श्रमिक नहीं मिल पा रहे हैं। इसके अलावा तकनीकी रूप से प्रशिक्षित युवाओं की कमी के कारण उद्योगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विद्यालय स्तर से ही तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा देने का सुझाव भी दिया। बैठक में सेक्टर-29 के विभिन्न भागों में सडक़, स्ट्रीट लाइट, सफाई, कूड़ा निस्तारण, बाउंड्री वॉल, पेयजल और बिजली व्यवस्था को और बेहतर बनाने की मांग रखी गई। उद्योगपतियों ने बताया कि नए बिजली कनेक्शन लेने तथा अन्य विभागीय औपचारिकताओं में समय लगने से उद्योगों की कार्यप्रणाली प्रभावित होती है।
उद्योग प्रतिनिधियों ने यह भी सुझाव दिया कि औद्योगिक क्षेत्रों में टेक्सटाइल एवं अन्य उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण संस्थान स्थापित किए जाएं ताकि स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें और उद्योगों को प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध हो सके। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्र में स्कूल, कौशल विकास केंद्र तथा उद्योग-अकादमिक समन्वय को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने उद्योगपतियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार उद्योगों को प्रोत्साहित करने तथा निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उद्योग राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उद्योगपतियों की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है।
मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि, पानीपत देश और प्रदेश का प्रमुख औद्योगिक केंद्र है। यहां के उद्योगों के विकास से लाखों लोगों को रोजगार मिलता है। उद्योगपतियों द्वारा उठाए गए प्रत्येक मुद्दे को संबंधित विभागों के समक्ष रखा जाएगा और प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। सरकार उद्योगों के विकास, रोजगार सृजन और बेहतर आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देना समय की मांग है। सरकार युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित करने की दिशा में भी निरंतर कार्य कर रही है, ताकि उद्योगों को कुशल मानव संसाधन उपलब्ध हो सके और प्रदेश का औद्योगिक विकास नई ऊंचाइयों तक पहुंचे। बैठक के दौरान उद्योगपतियों ने शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। मंत्री ने अधिकारियों को भी उद्योगों से जुड़े मामलों पर संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस मौके पर भाजपा नेता राजबीर आर्य सहित विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Comments