Wednesday, June 17, 2026
Newspaper and Magzine


सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों को रंगों में उकेरा विद्यार्थियों ने।

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at June 17, 2026 Tags: , , , , ,

ऑन स्पॉट पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का सफल आयोजन

BOL PANIPAT : 17 जून–केंद्र सरकार के गौरवशाली 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में हरियाणा में चलाए जा रहे विशेष राज्यव्यापी प्रचार अभियान के तहत जिला शिक्षा विभाग द्वारा बुधवार को बीआरसी हॉल, पानीपत में ऑन स्पॉट पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के राजकीय एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने की। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय जिला कल्चरल कोऑर्डिनेटर संदीप रत्तेवाल के मार्गदर्शन में किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य विषय “केंद्र एवं राज्य सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियां एवं जनकल्याणकारी योजनाएं” रहा। विद्यार्थियों ने पोस्टर एवं रंगों के माध्यम से सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं। बच्चों को अपनी सोच और कल्पनाशक्ति को अभिव्यक्त करने का अवसर मिलता है, जिससे उनका मानसिक विकास भी होता है।
जिला कल्चरल कोऑर्डिनेटर संदीप रत्तेवाल ने कहा कि सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को विद्यार्थियों ने अपनी कला के माध्यम से आमजन तक पहुंचाने का सराहनीय प्रयास किया है। इस प्रकार के आयोजन बच्चों में जागरूकता के साथ-साथ समाज और देश के विकास में योगदान की भावना को मजबूत करते हैं।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम पांच स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को अधिकारियों द्वारा सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में सविता नरवाल, रीतु रत्तेवाल, कमलजीत, अभिषेक बासु, मीनाक्षी, नवीन, महाबीर एवं शरणजीत ने निष्पक्ष मूल्यांकन कर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में ज्योति भाटिया एवं मुकेश ने एंकरिंग के माध्यम से विशेष योगदान दिया। इस अवसर पर जयपाल सरोहा, साहब सिंह रंगा, कंवर भान, रीतु छिकारा, मोनिका, अंजलि शर्मा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
विद्यार्थियों के लिए जलपान एवं रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था मोनिका, टीजीटी इंग्लिश द्वारा की गई।
जिला शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में कला, जागरूकता और राष्ट्र निर्माण की भावना को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
वीरवार को बीआरसी हॉल, पानीपत में वोक्स पॉप वीडियो प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसमें भी जिले के सभी राजकीय एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थी भाग लेंगे। प्रतियोगिता का विषय भी केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियां एवं जनकल्याणकारी योजनाएं रहेगा।
शिक्षा विभाग द्वारा इस राज्यव्यापी अभियान को सफल बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की जा रही है।

Comments


Leave a Reply