Thursday, July 2, 2026
Newspaper and Magzine


मतदाता सूची होगी पूरी तरह शुद्ध और त्रुटिरहित. बीएलओ घर-घर पहुंचकर करें सत्यापन: उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ  

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at June 26, 2026 Tags: , , , , , ,

विशेष गहन पुनरीक्षण में पानीपत बना प्रदेश का मॉडल, 87.29 प्रतिशत प्रपत्र वितरण पूरा

फॉर्म वितरण के साथ अपलोडिंग में भी लाई जाए तेजी, समयबद्ध अभियान पूरा करने के निर्देश

हर पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता

BOL PANIPAT , 26 जून। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत पानीपत जिला प्रदेश में एक मिसाल बनकर उभरा है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि जिले में अब तक 87.29 प्रतिशत प्रपत्रों का वितरण सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि अभियान पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और प्रतिबद्धता के साथ संचालित किया जा रहा है ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे।

शुक्रवार को जिला सचिवालय सभागार में 24 पानीपत ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के सुपरवाइजरों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ ने अभियान की प्रगति की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक के दौरान सुपरवाइजरों ने भी अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए, जिन पर उपायुक्त ने सकारात्मक चर्चा करते हुए आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।

    उपायुक्त ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को पूर्णत: शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है। इसके लिए सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करने, नए पात्र मतदाताओं को जोडऩे, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं का रिकॉर्ड अद्यतन करने तथा निर्धारित समय सीमा में सभी प्रपत्रों का वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रपत्रों का वितरण करने के साथ-साथ उनकी ऑनलाइन अपलोडिंग का कार्य भी समान गति से किया जाए, ताकि अभियान की प्रगति समयबद्ध तरीके से आगे बढ़े और किसी प्रकार का लंबित कार्य न रहे। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी इस कार्य में और अधिक तेजी लाते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करें।

    उपायुक्त ने कहा कि बीएलओ इस अभियान की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी जिम्मेदारी केवल प्रपत्र बांटना नहीं बल्कि प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर मतदाता संबंधी जानकारी का सत्यापन करना और यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रह जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने तथा प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जहां आवश्यकता होगी वहां अतिरिक्त संसाधन एवं मानवबल भी उपलब्ध कराया जाएगा। उपायुक्त ने जिले के नागरिकों से भी अपील की कि जब बीएलओ उनके घर पहुंचें तो उन्हें आवश्यक सहयोग दें तथा सही एवं अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराएं, जिससे एक विश्वसनीय एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके।

उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण आधारशिला है। हमारा लक्ष्य केवल प्रपत्र वितरण नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सही रूप से मतदाता सूची में दर्ज कराना है। सभी बीएलओ पूरी जिम्मेदारी के साथ घर-घर पहुंचें, प्रपत्रों का वितरण करने के साथ-साथ उनकी समय पर ऑनलाइन अपलोडिंग भी सुनिश्चित करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। पानीपत इस अभियान को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ सफल बनाकर प्रदेश में उदाहरण प्रस्तुत करेगा।

एसडीएम मनदीप कुमार ने कहा कि पुनरीक्षण अभियान लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण अवसर है। सभी सुपरवाइजर और बीएलओ पूरी टीम भावना के साथ कार्य करें तथा प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करें। फील्ड में आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाएगा। हमारा प्रयास है कि शत-प्रतिशत प्रपत्रों का वितरण और समयबद्ध अपलोडिंग पूरी कर पानीपत की मतदाता सूची को पूरी तरह सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जाए। इस मौके पर डीडीपीओ राजेश शर्मा, डिप्टी डीईओ मुनीश,मुकेश आटा , कानूनगो महेंद्र के अलावा कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Comments


Leave a Reply