Friday, July 3, 2026
Newspaper and Magzine


हरियाणा पात्रता परीक्षा: निष्पक्ष व शांतिपूर्ण आयोजन के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at July 3, 2026 Tags: , , , , ,

27 परीक्षा केंद्रों पर कड़े सुरक्षा प्रबंध, एसओपी की हर बिंदु पर होगी सख्ती से पालना

परीक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समन्वय और पारदर्शिता से निभाएं जिम्मेदारी

हर केंद्र पर वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती, मोबाइल व वाहनों के प्रवेश पर रहेगी रोक

BOL PANIPAT, 3 जुलाई। हरियाणा पात्रता परीक्षा के निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला सचिवालय में उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में प्रशासनिक एवं बोर्ड अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से जुड़ी तैयारियों का विस्तृत जायजा लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी। उपायुक्त ने कहा कि जिले में बनाए गए 27 परीक्षा केंद्रों पर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा निर्धारित स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) का पूरी गंभीरता से पालन सुनिश्चित किया जाए। सभी ड्यूटी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पहचान के लिए निर्धारित स्टिकर लगाकर ही ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र का पूर्व निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जाए कि वहां बैठने की व्यवस्था, डेस्क, दीवार घड़ी (वॉल क्लॉक), पेयजल, बिजली तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों। परीक्षा केंद्रों में किसी भी अभ्यर्थी, कर्मचारी या अन्य व्यक्ति के पास मोबाइल फोन न हो तथा केंद्र परिसर में किसी भी वाहन के प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि ग्रुप-डी का कोई कर्मचारी परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश न करे। उपायुक्त ने कहा कि सभी ड्यूटी मजिस्ट्रेट, केंद्र अधीक्षक एवं संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें ताकि परीक्षा पूरी पारदर्शिता एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या व्यवधान की संभावना को पहले ही समाप्त करना प्रशासन की प्राथमिकता है।

बैठक में एसडीएम मनीदीप कुमार ने परीक्षा प्रबंधन से संबंधित तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। निगम के अतिरिक्त आयुक्त विवेक चौधरी, डीएसपी ट्रैफिक सहित अन्य अधिकारियों ने भी सुरक्षा, यातायात एवं व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक सुझाव दिए। इस अवसर पर निगम के अतिरिक्त आयुक्त विवेक चौधरी, एसडीएम मनदीप कुमार, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप, सीईओ डॉ. किरण, नगराधीश टीनू पोसवाल, जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा, सीएमओ डॉ. विजय मलिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि हरियाणा पात्रता परीक्षा लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य से जुड़ी महत्वपूर्ण परीक्षा है। इसकी निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एसओपी का अक्षरश: पालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या नियमों के उल्लंघन के लिए बिल्कुल भी स्थान नहीं है। हमारा उद्देश्य है कि प्रत्येक अभ्यर्थी को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और निष्पक्ष वातावरण में परीक्षा देने का अवसर मिले तथा जिले में परीक्षा का संचालन पूरी गरिमा और सफलतापूर्वक संपन्न हो।

Comments


Leave a Reply