आने वाले चुनाव की मजबूत नींव आज रखें, विशेष पुनरीक्षण अभियान में हर ग्रामीण निभाए अपनी जिम्मेदारी: एडीसी अंकित चौकसे
गांव की ताकत, सही वोटर लिस्ट,14 जुलाई से पहले हर पात्र मतदाता का नाम जरूर जुड़वाएं: डीडीपीओ राजेश शर्मा
एक भी पात्र मतदाता न छूटे, न कोई गलत नाम रहे, गांव-गांव जागरूकता की अपील
लोकतंत्र को मजबूत बनाने का अवसर, 14 जुलाई से पहले बीएलओ को सभी फॉर्म जमा करवाएं
BOL PANIPAT , 10 जुलाई। एडीसी अंकित चौकसे ने जिले के सभी सरपंचों, पंचों और ग्रामीण नागरिकों से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में बढ़-चढक़र भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव इसी मतदाता सूची के आधार पर संपन्न होंगे, इसलिए प्रत्येक ग्रामीण का यह दायित्व है कि वह अपने गांव की मतदाता सूची को पूरी तरह सही, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने में सहयोग करे।
उन्होंने कहा कि यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, किसी नाम में त्रुटि है या किसी प्रकार का संशोधन आवश्यक है, तो संबंधित सभी प्रपत्र 14 जुलाई से पहले अपने क्षेत्र के बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) के पास अवश्य जमा करवा दें।
जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी (डीडीपीओ) राजेश शर्मा ने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और इसकी शुरुआत सही मतदाता सूची से होती है। गांव का प्रत्येक नागरिक, जनप्रतिनिधि और परिवार इस अभियान को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सक्रिय सहयोग करे, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने संवैधानिक अधिकार से वंचित न रहे।
उन्होंने सभी सरपंचों, पंचों, नंबरदारों, ग्राम सचिवों सामाजिक संगठनों और जागरूक ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे घर-घर तक इस संदेश को पहुंचाएं और पात्र मतदाताओं को समय रहते अपने दस्तावेज एवं आवश्यक फॉर्म बीएलओ के पास जमा करवाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने विश्वास जताया कि जिले के ग्रामीण लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाते हुए इस अभियान को सफल बनाएंगे।

Comments