Tuesday, September 1, 2026
Newspaper and Magzine


आर्य कॉलेज में हिंदी दिवस समारोह की शुरुआत: काव्य पाठ प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बिखेरा अपनी रचनाओं का जादू

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at September 1, 2026 Tags: , , , ,

BOL PANIPAT – मंगलवार 1 सितंबर 2026, आर्य कॉलेज के हिंदी विभाग द्वारा संचालित ‘हिंदी साहित्य परिषद’ के तत्वावधान में आज आगामी ‘हिंदी दिवस’ के उपलक्ष्य में काव्य पाठ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन करवाया गया। आज इस प्रतियोगिता के साथ ही कॉलेज में हिंदी दिवस पखवाड़े/समारोह की शुरुआत हुई। कार्यक्रम में कॉलेज के सभी संकायों (कला, विज्ञान, वाणिज्य आदि) के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने स्वैच्छिक विषय एवं अपनी स्वरचित कविताओं के माध्यम से देश, समाज, संस्कृति और समसामयिक मुद्दों पर अपने प्रभावपूर्ण विचार व्यक्त किए। युवा कवियों के काव्य पाठ ने सेमिनार हॉल में मौजूद सभी श्रोताओं और प्राध्यापकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के अवसर पर कॉलेज की उपाचार्या डॉ. अनुराधा सिंह ने सफल आयोजन के लिए हिंदी विभाग के सभी स्टाफ सदस्यों, संयोजकों और प्रतिभागियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि, “हिंदी हमारी मातृभाषा ही नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान है। हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ये प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की रचनात्मकता, अभिव्यक्ति और साहित्य के प्रति रुचि को बढ़ावा देने का एक बेहतरीन माध्यम हैं।

परिषद के समन्वयक प्रो. विजय सिंह ने आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि हिंदी दिवस समारोह के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं की एक पूरी श्रृंखला आयोजित की जा रही है, जिसमें काव्य-पाठ प्रतियोगिता 1 सितंबर 2026, भाषण प्रतियोगिता 02 सितंबर, निबंध-लेखन प्रतियोगिता 03 सितंबर, वाद-विवाद प्रतियोगिता 7 सितंबर, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता 09 सितंबर, स्लोगन लेखन प्रतियोगिता 10 सितंबर को आयोजित करवाई जाएगी।

इन सभी प्रतियोगिताओं का आयोजन कॉलेज के सेमिनार हॉल में किया जा रहा है। प्रो. विजय सिंह ने बताया कि इन सभी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को 14 सितंबर (हिंदी दिवस) के मुख्य एवं भव्य अवसर पर विशेष रूप से सम्मानित और पुरस्कृत किया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में हिंदी विभाग के प्राध्यापकों ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और आगामी प्रतियोगिताओं में भी इसी प्रकार बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर हिंदी विभाग की प्रध्यापिका डॉ शालिनी, कविता मलिक, गोपाल मलिक समेत अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

Comments


Leave a Reply