यमुना किनारे की पंचायतों में सीवरेज सिस्टम, थ्री-पॉन्ड सिस्टम और जल निकायों के पुनरुद्धार कार्यों की समीक्षा
BOL PANIPAT , 28 अक्टूबर।
जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. किरण सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को यमुना एक्शन प्लान के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में यमुना किनारे स्थित ग्राम पंचायतों में सीवरेज सिस्टम, थ्री-पॉन्ड सिस्टम तथा जल निकायों के पुनरुद्धार से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि योजनाओं के तहत अभी तक शुरू नहीं हुए कार्यों को जल्द से जल्द शुरू करवाया जाए तथा लंबे समय से लंबित कार्यों को बिना देरी के पूरा किया जाए।

बैठक में डॉ. किरण सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यमुना एक्शन प्लान के अंतर्गत चल रहे सभी कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि योजना के तहत लंबित सभी कार्यों की मासिक प्रगति रिपोर्ट भी भेजी जाए, ताकि कार्यों की स्थिति की नियमित समीक्षा की जा सके और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा किया जा सके।
बैठक के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं, बाधाओं और अन्य परेशानियों के बारे में भी चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श कर इन समस्याओं का समाधान किया गया, ताकि विकास कार्यों को गति दी जा सके।
बैठक में क्षेत्रीय अधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, पानीपत, कार्यकारी अभियंता, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग, पानीपत, जिला पानीपत के सभी खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, कनिष्ठ अभियंता, पंचायती राज विभाग, पानीपत तथा जिला परिषद कार्यालय के सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Comments