पानीपत रिफाइनरी में उत्साह एवं देशभक्ति के साथ मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस
BOL PANIPAT : भारत के लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स (PRPC) में राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर रिफाइनरी टाउनशिप में ‘एकता दौड़’ (Unity Run) का आयोजन किया गया, जिसमें कर्मचारियों, उनके परिजनों एवं स्कूली बच्चों सहित 200 से अधिक प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। इस दौड़ के माध्यम से प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी भाईचारे और सद्भाव का संदेश दिया।
इसके उपरांत रिफाइनरी परिसर में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर एम. एल. दहरिया, कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख, PRPC ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।
अपने संबोधन में एम. एल. दहरिया ने सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान को याद करते हुए कहा कि देशी रियासतों का एकीकरण कर एक सशक्त एवं अखंड भारत के निर्माण में उनकी भूमिका ऐतिहासिक रही है। उन्होंने कहा, “सरदार पटेल का जीवन हमें एकता, दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। आज के दिन हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि हम अपने कार्यों और व्यवहार में एकता एवं आपसी सद्भाव की भावना को बनाए रखेंगे।”
उन्होंने आगे कहा कि इंडियनऑयल के कर्मचारियों के रूप में देश की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना, सुरक्षित कार्यप्रणाली अपनाना और टीम भावना के साथ कार्य करना भी राष्ट्र सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र की एकता, अखंडता और समृद्धि के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता के संकल्प के साथ हुआ।

Comments