Monday, November 2, 2026
Newspaper and Magzine


दिवाली से पहले मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़ी सभी लंबित प्रक्रियाएं पूरी करने का लक्ष्य: उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at November 2, 2026 Tags: , , , , , ,

मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तैयारियों में तेजी लाएं अधिकारी, पेंडेंसी का प्राथमिकता से करें निस्तारण

मतदाता सूची में किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाए

30 नवंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची, उपायुक्त ने मुख्य चुनाव अधिकारी को दिया कार्य पूरा करने का भरोसा

BOL PANIPAT , 2 नवंबर। जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की तैयारियों और अब तक हुई प्रगति की समीक्षा को लेकर सोमवार को मुख्य चुनाव अधिकारी, हरियाणा ए.श्रीनिवास ने प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों से उपायुक्तों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बातचीत की और विशेष गहन पुनरीक्षण का अपडेट लिया।

    उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने पुनरीक्षण कार्य की विस्तृत जानकारी देते हुए आश्वस्त किया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण से संबंधित जो भी कार्य लंबित हैं, उनका दिवाली से पूर्व निस्तारण सुनिश्चित कर लिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित समयसीमा को ध्यान में रखते हुए सभी कार्य पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ पूरे किए जाएं।

    उपायुक्त ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन, मतदान केंद्रों का युक्तिकरण, दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण तथा मतदाता विवरणों की जांच जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। इस प्रक्रिया में संबंधित विभाग के अधिकारियों की भूमिका अहम रही है।

  उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम शामिल होना चाहिए और किसी भी अपात्र अथवा गलत प्रविष्टि को नियमानुसार दुरुस्त किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दावे एवं आपत्तियों से संबंधित मामलों की गंभीरता से जांच की जाए और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उनका निस्तारण किया जाए। जिन मामलों में दस्तावेजों या पात्रता से संबंधित कमी है, उनमें नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए, क्योंकि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है।

ग़ौरतलब है कि जिले के चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों पानीपत ग्रामीण, पानीपत शहरी, इसराना और समालखा में विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य किया जा रहा है। इसके लिए संबंधित निर्वाचन अधिकारियों, सहायक निर्वाचन अधिकारियों, अतिरिक्त सहायक निर्वाचन अधिकारियों, बीएलओ और सुपरवाइजरों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में मतदाता विवरणों का सत्यापन और लंबित कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने निर्देश दिए कि बीएलओ एप और निर्वाचन आयोग के डैशबोर्ड पर प्रदर्शित हो रही जानकारी का आपस में मिलान किया जाए, ताकि किसी प्रकार की तकनीकी विसंगति के कारण कोई मामला लंबित न रहे। उन्होंने कहा कि डाटा की शुद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित करना सभी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा के निर्देशानुसार 30 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाना निर्धारित है। इसके लिए अंतिम सूची की प्रिंटिंग और प्रकाशन से संबंधित सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएंगी। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित समयसीमा से पहले सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएं, ताकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन बिना किसी बाधा के किया जा सके।

उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदान के अधिकार को सुनिश्चित करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसलिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय से काम करें और किसी भी स्तर पर पेंडेंसी नहीं रहने दें। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे, एसडीएम मनदीप कुमार, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप नैन, नगराधीश टीनू पोसवाल, तहसीलदार निर्वाचन सुरेंद्र, महेंद्र, कोमल, हरेंद्र दहिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Comments


Leave a Reply