Monday, July 13, 2026
Newspaper and Magzine


पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची की ओर बड़ा कदम, 77.3% फॉर्म हुए डिजिटल: उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at July 13, 2026 Tags: , , , , ,

मतदाता सूची पुनरीक्षण में पानीपत ने पकड़ी रफ्तार, डिजिटाइजेशन अंतिम चरण में

विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को मिली गति, 98% से अधिक फॉर्म का वितरण पूरा

तकनीक के सहारे मजबूत होगा लोकतंत्र, प्रशासन ने तेज किया मतदाता सूची का डिजिटाइजेशन

BOL PANIPAT, 13 जुलाई। जिले में चल रहे विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान का कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित समयसीमा के भीतर अभियान को सफल बनाने के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि अब तक जिले में 98 प्रतिशत से अधिक गणना प्रपत्रों (फॉर्म) का वितरण किया जा चुका है, जबकि प्राप्त फॉर्मों में से 77.3 प्रतिशत का सफलतापूर्वक डिजिटाइजेशन भी पूरा कर लिया गया है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को शेष कार्य भी पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और निर्धारित समय के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन और पूरी तरह पारदर्शी बनाना है। इसके लिए बूथ स्तर पर नियुक्त अधिकारियों, सुपरवाइजरों तथा निर्वाचन शाखा के कर्मचारियों द्वारा लगातार मेहनत की जा रही है।
उन्होंने कहा कि डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया से मतदाता सूची अधिक सटीक, विश्वसनीय और आधुनिक बनेगी, जिससे भविष्य में मतदाता संबंधी सेवाओं का लाभ नागरिकों को और अधिक सरलता एवं तेजी से मिल सकेगा।
उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक प्राप्त फॉर्म का समयबद्ध तरीके से सत्यापन और डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाए।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में तकनीक का बढ़ता उपयोग पारदर्शिता और विश्वसनीयता को और मजबूत करता है। इसी उद्देश्य के साथ जिले में डिजिटाइजेशन कार्य को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में संबंधित अधिकारियों की नियमित निगरानी में कार्य किया जा रहा है। प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा की जा रही है और जहां भी किसी प्रकार की कमी या बाधा सामने आती है, उसका तुरंत समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष फॉर्मों का डिजिटाइजेशन भी पूरी सावधानी और गुणवत्ता के साथ जल्द से जल्द पूरा किया जाए।
डॉ. वशिष्ठ ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतंत्र को मजबूत करने की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। हमारा लक्ष्य केवल निर्धारित आंकड़े हासिल करना नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में शामिल कर शुद्ध, सटीक और पारदर्शी मतदाता सूची तैयार करना है। 77.3 प्रतिशत फॉर्मों का डिजिटाइजेशन पूरा होना प्रशासन की टीमवर्क और समर्पण का परिणाम है। हमें विश्वास है कि शेष कार्य भी निर्धारित समय के भीतर पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा कर लिया जाएगा। डिजिटाइजेशन से निर्वाचन व्यवस्था अधिक आधुनिक, पारदर्शी और प्रभावी बनेगी तथा भविष्य में मतदाताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।”
उपायुक्त ने नागरिकों से भी अपील की कि यदि किसी पात्र मतदाता ने अभी तक अपना फॉर्म जमा नहीं कराया है या किसी प्रकार का संशोधन, नाम जोड़ने अथवा अन्य आवश्यक परिवर्तन कराना है, तो वह निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय रहते संबंधित बूथ स्तर अधिकारी अथवा निर्वाचन कार्यालय से संपर्क कर अपना कार्य पूरा कराएं, ताकि अंतिम मतदाता सूची में उनका विवरण सही रूप में शामिल किया जा सके।

Comments


Leave a Reply