हत्या की ब्लाइंड वारदात का पर्दाफाश, पत्नी ने भतीजे के साथ मिलकर की थी पति की हत्या, दोनों आरोपी गिरफ्तार
BOL PANIPAT , 18 जून : गढ़सरनाई गांव में हुई मदन की हत्या की ब्लाइंड वारदात को थाना सेक्टर 13/17 पुलिस ने पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। मृतक की पत्नी पिंकी ने प्रेम प्रसंग के चलते भतीजे विशाल के साथ मिलकर पति मदन की हत्या की थी। थाना सेक्टर 13/17 पुलिस ने बुधवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मदन की हत्या करना स्वीकारा।
थाना सेक्टर 13/17 प्रभारी सब इंस्पेक्टर दलबीर ने बताया कि थाना सेक्टर 13/17 में गढसरनाई गांव निवासी केला देवी पत्नी मनीराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था उसके तीन बेटे है और तीनों शादीशुदा है। वह बड़े बेटे राजेंद्र के पास रहती है। छोटा बेटा मदन 7 जून की रात खाना खाकर घर पर सो गया था। देर रात करीब 2:30 बजे मदन के फोन से उनके पास आया और बताया कि पता नहीं पापा को कुछ हो गया है, वो बोल नहीं रहे। सूचना मिलते ही वह बेटे राजेंद्र के साथ मदन के मकान पर पहुंची। बरामदे में चारपाई पर बेटे मदन का शव पड़ा हुआ था। शरीर व सिर पर चोट के निशान थे। जिसे बड़ा बेटा राजेंद्र अन्य के साथ मिलकर मदन को सरकारी अस्पताल लेकर गए, जहा पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। अज्ञात व्यक्ति ने मदन की गला दबाकर व चोट मारकर हत्या की है। थाना सेक्टर 13/17 में केला देवी की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी।
प्रभारी इंस्पेक्टर दलबीर ने बताया कि मामले की विभिन्न पहलुओं पर जांच करते हुए पुलिस ने बुधवार को मृतक की पत्नी पिंकी से कड़ाई से पूछताछ की। उसने भतीजे विशाल के साथ मिलकर पति की हत्या करना स्वीकारा। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
प्रभारी इंस्पेक्टर दलबीर ने बताया कि पूछताछ में आरोपी पिंकी ने बताया पति मदन शराब पीकर उसके व बेटे के साथ मारपीट करता था। जेठ के लड़के विशाल के साथ उसकी बातचीत होन लगी और दोनों के बीच संबंध बन गए। पति को दोनों पर शक हो गया। कुछ दिन पहले पति ने विशाल के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद दोनों ने मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
तय साजिश के तहत विशाल नींद की गोलियां व कीटनाशक दवाई लेकर आया। 7 जून की रात उसने पति को खीर में नींद की गोलियां मिलाकर खिला दी, जिसके बाद वह अंदर दिवान पर ही सो गया। रात करीब 11:15 बजे विशाल ने फोन कर पूछा तो उसने गोलियां खिलाने की बात बता दी और उसे घर आने के लिए कहा। इसके बाद विशाल रात करीब 12:30 बजे छत के रास्ते घर आया। वह पति को सहारा देकर अंदर से बाहर लेकर आई और बरामद में बीछी चारपाई पर लेटाकर दोनों ने उसके हाथ पैर बांध दिए। नशा होने के चलते पति मदन बोल नहीं पा रहा था। चारपाई पर विशाल ने पति का मुंह पकड़ लिया और उसने किट नाशक दवाई मुंह में डाल दी। जब पति ने आवाज लगाने की कोशिश की तो विशाल ने लोहे की पाईप उठाकर सिर पर वार कर दिया। बेहोश होने पर विशाल ने गला घोट दिया। पति मदन की मौत होने पर विशाल अपने घर भाग गया और उसने वारदात में इस्तेमाल सारा सामान छिपा दिया। किसी को उस पर शक ना हो इसके लिए वह रोने का नाटक करने लगी। आवाज सुनकर बेटा उठ गया। पूछने पर उसने बेटे को बताया पता नहीं तुम्हारे पापा को कुछ हो गया है, और जल्दी से ताऊ राजेंद्र के पास फोन करने के लिए कहा।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त रस्सी, किटनाशक बरामद कर वीरवार को पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से आरोपी पिंकी को न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया और आरोपी विशाल को कड़ाई से पूछताछ के लिए 1 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।

Comments