कृषि मेले से बदलेगी किसानों की तकदीर, आधुनिक तकनीक से बढ़ेगी आय: उपायुक्त डॉ वीरेंद्र कुमार दहिया
-हिसार में 23-24 मार्च को कृषि मेला, किसानों को मिलेंगे उन्नत खेती के गुर
-नवीन तकनीक और वैज्ञानिक सलाह से सशक्त होंगे किसान
-कृषि मेले में मिलेगा ज्ञान, तकनीक और मुनाफे का संगम
BOL PANIPAT , 17 मार्च। किसानों को आधुनिक खेती से जोडऩे और उनकी आय बढ़ाने के उद्देश्य से चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार में 23-24 मार्च को दो दिवसीय कृषि मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला किसानों के लिए नई तकनीकों, उन्नत बीजों और वैज्ञानिक खेती के तरीकों को समझने का एक महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा।
उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मेले का मुख्य उद्देश्य किसानों को नवीनतम कृषि तकनीक और विज्ञान आधारित खेती के उपायों से अवगत कराना है, ताकि वे अपनी पैदावार और आय दोनों में वृद्धि कर सकें। उन्होंने कहा कि यह मेला किसानों के लिए संवाद और सीखने का एक सशक्त मंच बनेगा, जहां वे कृषि वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों से सीधे बातचीत कर सकेंगे। इससे किसान आधुनिक तकनीकों को अपनाकर अपनी लागत कम करने और उत्पादन बढ़ाने में सक्षम होंगे।
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उप निदेशक डॉ. प्रवीण ने बताया कि मेले में विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों और प्रशिक्षित स्टाफ द्वारा किसानों को मृदा परीक्षण, जल संरक्षण तकनीक, ड्रिप एवं स्प्रिंकलर प्रणाली, जैव उर्वरकों के उपयोग और कीट-रोग प्रबंधन जैसी आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी जाएगी।
इसके अलावा, किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और उपलब्ध सब्सिडी की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की जाएगी, जिससे वे योजनाओं का अधिकतम लाभ उठा सकें। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि यह मेला तकनीक, ज्ञान और लाभ का एक बड़ा मंच है। उच्च उत्पादक किस्मों, उन्नत कृषि मशीनरी और वैज्ञानिक सलाह के माध्यम से किसान टिकाऊ और लाभकारी खेती की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। सभी किसानों को इस अवसर का भरपूर लाभ उठाना चाहिए।

Comments