Monday, October 12, 2026
Newspaper and Magzine


आर्य पीजी कॉलेज की बॉक्सिंग एवं फुटबॉल टीम ने विश्वविद्यालय स्तर पर लहराया परचम

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL SPORTS , at October 12, 2026 Tags: , , , ,

–    बॉक्सिंग में रजत व कांस्य पदक जीते, महिला फुटबॉल टीम ने हासिल किया तीसरा स्थान; तीन खिलाड़ियों का ऑल इंडिया कैंप के लिए चयन

BOL PANIPAT , सोमवार 12 अक्टूबर 2026: आर्य पीजी कॉलेज, पानीपत के खिलाड़ियों ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र में आयोजित इंटर-कॉलेज महिला एवं पुरुष बॉक्सिंग तथा महिला फुटबॉल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय का नाम रोशन किया। 6 से 8 अक्टूबर 2026 तक आयोजित इन प्रतियोगिताओं में महाविद्यालय के खिलाड़ियों ने रजत एवं कांस्य पदक जीतने के साथ-साथ महिला फुटबॉल में तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं, महाविद्यालय के तीन खिलाड़ियों का चयन ऑल इंडिया कैंप के लिए भी हुआ।

इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने विजेता खिलाड़ियों का हार्दिक स्वागत किया और उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने खेल विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश तूर्ण एवं खेल विभाग की पूरी टीम को खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन, उचित मार्गदर्शन और निरंतर प्रोत्साहन के लिए विशेष रूप से बधाई दी।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय हैं। यह उपलब्धि न केवल खिलाड़ियों की मेहनत और लगन का परिणाम है, बल्कि महाविद्यालय में खेल गतिविधियों को मिल रहे प्रोत्साहन और बेहतर मार्गदर्शन को भी दर्शाती है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया की महिला बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भी महाविद्यालय की खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। बीए द्वितीय वर्ष की छात्राओं मंजु और खुशबू ने क्रमशः 48 और 51 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीते। वहीं, बीए तृतीय वर्ष की छात्राओं पूजा, तमन्ना और अंशिका ने 60 से 70 किलोग्राम भार वर्गों में कांस्य पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

वहीं, पुरुष बॉक्सिंग प्रतियोगिता में आर्य पीजी कॉलेज के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। बीए द्वितीय वर्ष के छात्र वीर ने 80 किलोग्राम भार वर्ग तथा बीए तृतीय वर्ष के छात्र रॉबिन ने 90 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीता। वहीं, बीए तृतीय वर्ष के छात्र तुषार और अंकुश ने क्रमशः 75 और 85 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक हासिल कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया।

साथ ही कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित इंटर-कॉलेज महिला फुटबॉल चैंपियनशिप में आर्य पीजी कॉलेज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया। टीम की खिलाड़ी साक्षी, कमलेश, शिवानी, अंजली, काजल, जागृति और ईशा ने बेहतरीन तालमेल, खेल कौशल और संघर्ष की भावना का परिचय देते हुए इस उपलब्धि को हासिल किया।

इसके साथ ही उन्होंने बताया कि एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि यह रही कि महाविद्यालय कि बॉक्सिंग टीम के खिलाड़ी तुषार, अंकुश और मिलन का चयन ऑल इंडिया कैंप के लिए किया गया।

इस अवसर पर महाविद्यालय की उपाचार्या डॉ. अनुराधा सिंह ने खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी मेहनत, लगन और अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि महाविद्यालय के खिलाड़ी भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन करते रहेंगे।

खेल विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश तूर्ण ने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता उनके निरंतर अभ्यास, समर्पण और टीम भावना का परिणाम है। न्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि महाविद्यालय का खेल विभाग भविष्य में भी खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।

इस अवसर पर कोच राजेंद्र देशवाल, कोच सुनील पहल, अनूप गुलिया, सुमित एवं प्राध्यापिका रजनी सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Comments


Leave a Reply