व्यावसायिक मार्गदर्शन हेतु करियर वार्ता का आयोजन किया गया।
BOL PANIPAT : 28 जुलाई। रोजगार विभाग द्वारा विगत 25 जुलाई तक व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह मनाया गया जिसके अंतर्गत पानीपत में जिला रोजगार अधिकारी डॉ. ऋतु चहल व सहायक रोजगार अधिकारी कुमारी विनीता की अध्यक्षता में व्यावसायिक मार्गदर्शन हेतु करियर वार्ता का आयोजन किया गया।
जिला रोजगार अधिकारी डॉ. ऋतु चहल द्वारा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बुड़शाम, पानीपत, पी एम् श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, डाहर, पानीपत में व्यावसायिक मार्गदर्शन हेतु करियर वार्ता का आयोजन किया गया। जिसके अंतर्गत डॉ. ऋतु चहल ने प्रार्थियो को करियर लक्ष्य बनाने, उन लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए कार्य योजना बनाने और उच्च अंक प्राप्त करने के लिए अध्ययन की आदतों को सुधारने के लिए मार्गदर्शन किया। इस प्रस्तुति के दौरान प्रार्थियो को अपने भविष्य के लक्ष्यों के प्रति जागरूक किया गया और उन्हें सही दिशा में आगे बढऩे के लिए प्रोत्साहित किया गया। उन्होंने कहा कि अच्छे अध्ययन की आदतें और सही तरीके से की गई तैयारी विद्यार्थियों को आत्मविश्वास और सफलता की ओर मार्गदर्शन करती हैं।
उन्होंने कहा कि परीक्षाओं के नजदीक आते ही विद्यार्थियों को अपनी तैयारी को लेकर और अधिक लक्ष्य केंद्रित बनाना चाहिए, अपने अध्ययन सामग्री को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटें और प्रत्येक अध्ययन सत्र के लिए स्पष्ट लक्ष्य तय करें, प्रत्येक विषय के लिए निश्चित समय निर्धारित करें और उस शेड्यूल का पालन करें। समय-समय पर छोटे ब्रेक लेना भी जरूरी है। नींद, व्यायाम और सही आहार मानसिक क्षमता को बढ़ाने में सहायक होते हैं। एक स्वस्थ शरीर अध्ययन और एकाग्रता में सुधार करता है। इसके अतिरिक्त मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य की तरह महत्वपूर्ण है। ध्यान, गहरी सांस लेने के अभ्यास और हल्का व्यायाम तनाव को कम करने में मदद करता है और आत्मविश्वास बढ़ाता है। इसी परिपेक्ष्य में प्लेसमेंट ड्राइव और व्यावसायिक मार्गदर्शन हेतु करियर वार्ता का आयोजन किया गया। जिसमे एसबीआई. जीवन बीमा निगम कंपनी, पानीपत एवं एचडीएफसी, पानीपत द्वारा बेरोजगार प्रार्थियो का साक्षात्कार किया गया। इस अवसर पर नरेश कुमार (विकास अधिकारी), राज कुमार (विकास अधिकारी) आदि मौजूद रहे।
व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह के अन्तर्गत सहायक रोजगार अधिकारी कुमारी विनीता की अध्यक्षता में जिला रोजगार कार्यालय, पानीपत में व्यवसायिक मार्गदर्शन हेतु सेमिनार / वर्कशॉप का आयोजन किया गया। अध्ययन की आदतों में सुधार करने के विषय पर कुमारी विनीता ने प्रार्थियो को बताया कि नियमितता, अनुशासन और एकाग्रता अध्ययन में सफलता के प्रमुख तत्व हैं। उन्होंने यह भी बताया कि किस प्रकार अध्ययन के समय को प्रभावी ढंग से प्रबंधित किया जा सकता है और विभिन्न तकनीकों का उपयोग करके अध्ययन को रोचक बनाया जा सकता है। इसी कड़ी में सहायक रोजगार अधिकारी कुमारी विनीता ने करियर वार्ता को सम्बोधित करते हुए कहा कि करियर लक्ष्य निर्धारित करना प्रत्येक प्रार्थी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। सही करियर चुनने के लिए आवश्यक है कि प्रार्थी अपनी रुचियों, क्षमताओं और अवसरों का सही मूल्यांकन करें। इस मौके पर कुमारी विनीता ने कुछ महत्वपूर्ण टिप्स भी सांझा किए जिससे प्रार्थी अपने करियर के प्रति स्पष्ट दृष्टिकोण विकसित कर सकें।

Comments