Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


एनएसएस विशेष शिविर का छठा दिन: योग, डिजिटल साक्षरता और स्वास्थ्य जागरूकता का संगम.

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at March 2, 2026 Tags: , , , ,

BOL PANIPAT – सोमवार 2 मार्च 2026, ग्राम नांगलखेड़ी में 25.02.2026 से 03.03.2026 तक आयोजित सात दिवसीय एनएसएस विशेष शिविर के छठे दिन का शुभारंभ ‘यूथ फॉर माई भारत एवं यूथ फॉर डिजिटल लिटरेसी’ विषय के अंतर्गत योग एवं ध्यान सत्र से हुआ। स्वयंसेवकों ने प्राणायाम और विभिन्न योगाभ्यास कर दिन की सकारात्मक शुरुआत की।

प्रातःकालीन सत्र में रोल प्लेइंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें अमन और छाया ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने सामाजिक विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

इसके पश्चात “हेल्दी डाइट, हेल्दी बॉडी” विषय पर एक अतिथि व्याख्यान आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रसिद्ध डाइटिशियन डॉ. पायल भाटिया ने मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित किया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनीषा दुदेजा, आस्था गुप्ता तथा एनएसएस समन्वयक पंकज चौधरी ने अतिथि का स्वागत किया।

डॉ. पायल भाटिया ने अपने व्याख्यान में कहा कि “हमारा शरीर वही बनता है जो हम खाते हैं।” उन्होंने संतुलित आहार के महत्व पर बल देते हुए बताया कि आहार में प्रोटीन की मात्रा बढ़ानी चाहिए, जो अंकुरित अनाज, दालों और बीन्स के माध्यम से प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की आवश्यकता पर भी जोर दिया तथा बताया कि प्रत्येक व्यक्ति की पोषण संबंधी आवश्यकताएँ अलग-अलग होती हैं, इसलिए हमें अपने शरीर की जरूरतों को समझना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रश्नों का भी संतोषजनक उत्तर दिया।

सायंकालीन सत्र में विद्यार्थियों को एक प्रेरणादायक देशभक्ति फिल्म दिखाई गई। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी आस्था गुप्ता ने कहा कि ऐसी फिल्में विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करती हैं। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने डंब शराड्स, टंग ट्विस्टर, अंताक्षरी और म्यूजिकल चेयर जैसे मनोरंजक खेलों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस प्रकार शिविर का छठा दिन ज्ञान, स्वास्थ्य जागरूकता, देशभक्ति और मनोरंजन से परिपूर्ण रहा।

Comments