Thursday, June 11, 2026
Newspaper and Magzine


डेयरी एरिया में 8 करोड़ के विकास कार्यों का शुभारंभ.10 करोड़ की लागत से बनेगा राष्ट्रीय स्तर का स्विमिंग पूल: शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at June 11, 2026 Tags: , , , ,

शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा बोले – विकास कार्यों में नहीं रहेगी धन की कमी, हर वार्ड में मिलेगी आधुनिक सुविधाएं

सेक्टर-25 ट्रक यूनियन पार्किंग पर होंगे 9 करोड़ रुपये खर्च, परिवहन क्षेत्र को मिलेगा बड़ा लाभ

सेक्टर-6 की गलियां बनेंगी मॉडल, साइकिल ट्रैक सहित विकसित होगा आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर

BOL PANIPAT , 11 जून। प्रदेश सरकार का उद्देश्य केवल विकास योजनाओं की घोषणा करना नहीं, बल्कि उन्हें तय समय सीमा में धरातल पर उतारना है। पानीपत के प्रत्येक वार्ड में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराकर शहर को विकास की नई पहचान दी जाएगी। जनता की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है और विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। यह बात हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने विभिन्न विकास परियोजनाओं के शुभारंभ अवसर पर कही।

शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने गुरुवार को पानीपत के विभिन्न वार्डों में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने वार्ड नंबर-21 स्थित डेयरी एरिया में लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों की शुरुआत की। इस परियोजना के तहत क्षेत्र में सडक़ें, गलियां, नालियां, सीवर व्यवस्था, स्ट्रीट लाइटें तथा कम्युनिटी हॉल का निर्माण कराया जाएगा। इन कार्यों से क्षेत्रवासियों को लंबे समय से चली आ रही बुनियादी सुविधाओं की समस्याओं से राहत मिलेगी।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने वार्ड नंबर-21 के लिए एक और बड़ी सौगात की घोषणा करते हुए कहा कि क्षेत्र में जल्द ही राष्ट्रीय स्तर का आधुनिक स्विमिंग पूल बनाया जाएगा। लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस प्रोजेक्ट की नगर निगम स्तर की सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि आगामी एक माह के भीतर इसका टेंडर जारी कर दिया जाएगा, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू होगा। यह स्विमिंग पूल खिलाडिय़ों को राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार खेलों और खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। वार्ड नंबर-14 स्थित सेक्टर-25 में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री ने ट्रक यूनियन की पार्किंग को पक्का करने की महत्वाकांक्षी योजना का शुभारंभ किया। लगभग 9 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाली यह पार्किंग आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगी, जिससे ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

इस अवसर पर पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं वार्ड नंबर-26 में सेक्टर-6 की सभी गलियों को मॉडल तर्ज पर विकसित करने की घोषणा की गई। इस परियोजना के तहत गलियों का आधुनिक तरीके से निर्माण किया जाएगा तथा क्षेत्र में साइकिल ट्रैक भी बनाया जाएगा। इससे क्षेत्र का सौंदर्यीकरण होने के साथ-साथ नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।

वार्ड नंबर-21 में पहुंचने पर पार्षद संजीव दहिया ने क्षेत्रवासियों के साथ शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा का जोरदार स्वागत किया। वहीं वार्ड नंबर-26 में पार्षद कुसुम भट्ट तथा वार्ड नंबर-14 में पार्षद बिट्टू प्रजापत ने अपने समर्थकों एवं क्षेत्रवासियों के साथ शिक्षा मंत्री का अभिनंदन किया। सभी कार्यक्रमों में पानीपत की मेयर कोमल सैनी तथा नगर निगम आयुक्त पंकज यादव शिक्षा मंत्री के साथ मौजूद रहे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा उन्हें निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।

शहरी विधायक प्रमोद विज ने कहा कि सेक्टर-25 ट्रक यूनियन पार्किंग का पक्का होना लंबे समय से ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े लोगों की मांग रही है। लगभग 9 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह आधुनिक पार्किंग शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ ट्रांसपोर्टरों को भी बड़ी सुविधा प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के नेतृत्व में पानीपत में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। शहर के सभी वार्डों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है ताकि आमजन को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। विधायक ने कहा कि विकास ही सरकार की प्राथमिकता है और जनता से किए गए हर वादे को पूरा किया जाएगा। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। लोगों ने क्षेत्र में शुरू की गई विकास परियोजनाओं और प्रस्तावित स्विमिंग पूल को लेकर उत्साह व्यक्त करते हुए सरकार का आभार जताया।

Comments


Leave a Reply