“डिजिटल कैनवास” प्रतियोगिता का आयोजन, विद्यार्थियों ने रिटेलिंग विषय पर दिखाई रचनात्मक प्रतिभा ।
BOL PANIPAT : आई.बी. स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एम.कॉम अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए एक विशेष कक्षा गतिविधि के रूप में डिजिटल कैनवास प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें लगभग 16 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस प्रतियोगिता का विषय रिटेलिंग रखा गया। इस गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मकता, डिजिटल कौशल, विपणन संबंधी समझ तथा प्रभावशाली ढंग से विचारों को प्रस्तुत करने की क्षमता को प्रोत्साहित करना था।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह ने कहा कि डिजिटल कैनवास निर्माण विद्यार्थियों की रचनात्मकता के साथ-साथ उनकी तकनीकी एवं संचार क्षमता को विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों को अपने विचारों को रचनात्मक और आधुनिक डिजिटल माध्यम से प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करती हैं। रिटेलिंग जैसे समकालीन विषय पर डिजिटल पोस्टर तैयार करने से विद्यार्थियों की मार्केटिंग संबंधी समझ, कल्पनाशीलता और डिजिटल कौशल का विकास होता है। इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों को बदलते व्यावसायिक वातावरण के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।”
इसके पश्चात विभागाध्यक्ष डॉ. सुनित शर्मा ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि डिजिटल पोस्टर निर्माण जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होती हैं। उन्होंने कहा, “इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों की रचनात्मकता, डिजिटल दक्षता, विपणन संबंधी ज्ञान और प्रस्तुतीकरण कौशल को विकसित करती हैं। साथ ही उन्होंने सभी प्रतिभागियों एवं विजेताओं को बधाई दी।प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने रिटेलिंग से संबंधित विभिन्न आकर्षक एवं रचनात्मक डिजिटल पोस्टर तैयार किए। विद्यार्थियों ने अपने पोस्टरों के माध्यम से आधुनिक रिटेलिंग, डिजिटल रिटेल, ग्राहक अनुभव, ऑनलाइन शॉपिंग, ई-कॉमर्स, स्मार्ट रिटेलिंग तथा बदलते उपभोक्ता व्यवहार जैसे विभिन्न पहलुओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया ।इसके साथ ही सभी प्रतिभागियों के प्रदर्शन के आधार पर विजेताओं की घोषणा की गई। यह संपूर्ण गतिविधि कक्षा मेंटर रूहानी शर्मा द्वारा आयोजित की गई जिन्होंने इस प्रतियोगिता को सफल एवं प्रभावशाली बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी प्रतिभागियों के प्रदर्शन के आधार पर विजेताओं की घोषणा की गई जिसमें प्रथम स्थान पर कोमल और दिया, द्वितीय स्थान पर किरण और रिया, तृतीय स्थान पर कृतिका और राजीव तथा सांत्वना पुरस्कार सिद्धार्थ और सलोनी को प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया। निर्णायक मंडल की भूमिका निशा गुप्ता और रूचिका बतरा ने निभाई।

Comments