11.5ग्राम स्मैक सहित नशा तस्कर गिरफ्तार. निशानदेही पर सप्लायर को काबू किया.
BOL PANIPAT : 06 फरवरी 2025, एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस टीम ने बबैल गांव के नजदीक नाला पुल के पास से एक नशा तस्कर को 11.5ग्राम स्मैक सहित गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर नशा सप्लायर को गढ़ी बेसिक गांव से काबू किया।
एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी इंस्पेक्टर सुमित सरोहा ने बताया कि उनकी टीम बुधवार को गश्त व जांच पड़ताल के दौरान खोतपुरा गांव के अड्डा पर मौजूद थी। तभी टीम को गुप्त सूचना मिली की राणा माजरा गांव निवासी कासिम मादक पदार्थ लेकर बेचने के लिए बबैल गांव के नजदीक नाल पुल के पास घूम रहा है। पुलिस टीम ने सूचना को पुख्ता मानते हुए मौके पर दबिश दी तो सामने नाला के पुल पर खड़ा एक युवक पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए कुछ कदमों पर ही युवक को काबू कर पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान कासिम पुत्र मतलूब निवासी राणा माजरा के रूप में बताई।
पुलिस टीम ने नियमानुसार ड्यूटी मेजिस्ट्रेट ईटीओ अमित की मौजूदगी में युवक की तलाशी ली तो उसकी पहनी हुई लोअर की जेब से पोलोथिन में पैक नशीला पदार्थ स्मैक बरामद हुई। बरामद स्मैक का वजन करने पर 11.5ग्राम पाया गया।
प्रभारी इंस्पेक्टर सुमित सरोहा ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया वह अपने गांव के आसपास के क्षेत्र में स्मैक बेचकर मोटे पैसे कमाने लिए कुछ दिन पहले गढ़ी बेसिक निवासी शहजाद से 15 ग्राम स्मैक कम कीमत पर खरीदकर लाया था। जिसमें से उसने कुछ स्मैक राह चलते अज्ञात नशा करने वालों को बेच दी। बची 11.5ग्राम स्मैक को लेकर बेचने के लिए बुधवार को नाल पुल के पास ग्राहक की फिराक में आया था। पुलिस ने आरोपी कासिम की निशानदेही पर नशा सप्लायर आरोपी शहजाद को गढ़ी बेसिक गांव से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी शहजाद ने आरोपी कासिम को स्मैक बेचने बारे स्वीकारा।
थाना सेक्टर 13/17 में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने वीरवार को पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।

Comments