खेल-खेल में शिक्षा और गतिविधि आधारित शिक्षण से बच्चों के सर्वांगीण विकास को मिल रही नई दिशा: अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे
स्मार्ट आंगनवाड़ी कार्यक्रम में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 10 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सम्मानित
बच्चों की मजबूत शैक्षणिक नींव तैयार करने में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम
प्रारंभिक शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने वाली 10 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को मिला सम्मान
BOL PANIPAT, 2 नवंबर। जिले में स्मार्ट आंगनवाड़ी कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन और बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा को बेहतर बनाने में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 10 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सोमवार को अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय में सम्मानित किया गया। अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने इन कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके समर्पण, मेहनत और सराहनीय कार्यों की प्रशंसा की। यह सम्मान आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा उपलब्ध करवाने, खेल-खेल के माध्यम से सीखने की प्रक्रिया को रोचक बनाने तथा गतिविधि आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने के लिए दिया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने कहा कि बच्चों के जीवन में प्रारंभिक शिक्षा की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। यही वह अवस्था है, जिसमें बच्चों की सीखने, समझने, सोचने और व्यवहार करने की बुनियाद तैयार होती है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ निभा रही हैं। स्मार्ट आंगनवाड़ी कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को खेल और विभिन्न गतिविधियों के जरिए सीखने के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र केवल बच्चों की देखभाल तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनकी शैक्षणिक, मानसिक और सामाजिक विकास यात्रा का पहला महत्वपूर्ण पड़ाव हैं। कार्यकर्ताओं को चाहिए कि वे बच्चों की रुचि और क्षमता के अनुरूप शिक्षण गतिविधियों को अपनाएं, ताकि बच्चे बिना किसी दबाव के सहज और आनंदपूर्ण वातावरण में सीख सकें। स्कूल जाने से पहले बच्चों को आवश्यक शैक्षणिक और व्यवहारिक तैयारी देना भी बेहद जरूरी है। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और विद्यालय में प्रवेश के बाद पढ़ाई के प्रति उनकी रुचि मजबूत होगी।
एडीसी ने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकर्ताओं का सम्मान अन्य कार्यकर्ताओं के लिए भी प्रेरणा बनेगा। जिला प्रशासन का प्रयास है कि स्मार्ट आंगनवाड़ी कार्यक्रम को और प्रभावी बनाकर प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध करवाए जाएं। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सिमरन सहित रॉकेट लर्निंग टीम के सदस्य उपस्थित रहे।

Comments