Sunday, October 4, 2026
Newspaper and Magzine


योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता: डीडीपीओ राजेश शर्मा

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at September 24, 2026 Tags: , , , , ,

सेवा संकल्प अभियान के तहत कुरान के ग्राम सचिवालय में शिकायत निवारण कैंप

130 लोगों की समस्याओं पर लिया गया संज्ञान, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश

लाडो लक्ष्मी, पेंशन, बीपीएल कार्ड, मकान व छात्रवृत्ति सहित विभिन्न योजनाओं से जुड़ी शिकायतें पहुंचीं

सेवा संकल्प अभियान के तहत कुरान में शिकायत निवारण कैंप

BOL PANIPAT , 24 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला प्रशासन की ओर से वीरवार को ग्राम सचिवालय कुराना में विशेष शिकायत निवारण कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में जिला पंचायत एवं विकास अधिकारी (डीडीपीओ) राजेश शर्मा ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ आमजन की समस्याएं सुनीं। कैंप में करीब 130 लोगों की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई करने तथा पात्र लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कैंप में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। लोगों ने लाडो लक्ष्मी योजना, पेंशन बनवाने, आधार कार्ड अपडेट करवाने, बीपीएल कार्ड बनवाने, पक्के मकान बनवाने, विवाह शगुन योजना, डॉ. बी.आर. अंबेडकर छात्रवृत्ति योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

डीडीपीओ राजेश शर्मा ने कहा कि पात्र नागरिकों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य प्रशासन को आमजन के बीच लेकर जाना और लोगों की समस्याओं का सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि कैंप में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के जरूरतमंद और पात्र लोगों के लिए हैं। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि इन योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। शिकायत निवारण कैंपों के माध्यम से ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। प्रशासन स्वयं लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहा है और मौके पर ही समाधान की दिशा में कार्रवाई कर रहा है।

डीडीपीओ ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मामलों का समाधान मौके पर संभव है, उनका तुरंत निपटारा किया जाए। वहीं, जिन शिकायतों में विभागीय प्रक्रिया पूरी करना आवश्यक है, उनमें भी नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाएं। प्रशासन का प्रयास है कि योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक पहुंचाने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का भी प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। कैंप में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Comments


Leave a Reply