फैक्ट्री वर्कर की मौत करंट लगने से हुई। फैक्ट्री संचालक ने हार्ट अटैक बता कर शव पहुंचाया घर। मामला दर्ज।
BOL PANIPAT : बरसत रोड स्थित आस्था फैक्ट्री में एक व्यक्ति की करंट लगने से मौत हो गई। आरोप है कि फैक्टरी मालिक ने मौत की वजह हार्ट अटैक बताई थी और शव का पोस्टमार्टम करवाने से भी इंकार किया था और बिना पोस्टमार्टम करवाए जबरन शव को घर पहुंचा दिया । मगर, उससे पहले ही बेटे ने जब फैक्ट्री में जाकर स्थिति देख ली थी उसके पिता बेसुध पड़े थे व उनके नजदीक बिजली की नंगी तार व उपकरण पड़े थे जिसके बाद उसने पुलिस को मामले सूचना दी। पोस्टमार्टम के लिए शव सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया। बेटे की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी फैक्ट्री संचालक पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
तहसील कैंप थाना पुलिस को दी शिकायत में राजकुमार ने बताया कि वह दीनानाथ कॉलोनी नूरवाला का रहने वाला है। वे दो भाई व एक बहन है। वह मजदूरी करता है। उसके पिता महासिंह (57) बरसत रोड स्थित नरेंद्र की फैक्ट्री आस्था में शटल लेस मशीन चलाते थे।
20 अगस्त की रात करीब 8 बजे उसने अपने पिता को कॉल की थी। मगर, कॉल रिसिव नहीं हुई। इसके बाद करीब 8:15 बजे वह फैक्टरी पहुंचा तो देखा कि वहां उसके पिता बेसुध पड़े हुए हैं। उसने अपने पिता को हिलाया डुलाया मगर उसका शरीर कोई हरकत नहीं कर रहा था।
उसके शरीर पर पेट, कमर, पैर पर जले हुए निशान व मुंह पर खून लगा हुआ था। इसके बाद उसने देखा कि जहां उसके पिता काम करते थे, वहां पर बिजली की तारें खुली व बिजली के उपकरण खराब थे। इसी दौरान वहां फैक्टरी मालिक नरेंद्र भी पहुंच गया।
जिसने कहा कि तुम्हारे पिता को हार्ट अटैक आया है। इसके बाद वह अपने पिता को नजदीक ही एक निजी अस्पताल ले गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। राजकुमार ने जब नरेंद्र को कहा कि वह अपने पिता के शव का पोस्टमार्टम करवाना चाहता है, तो उसने कहा कि पोस्टमार्टम की जरुरत नहीं है। वह जबरदस्ती शव को उनके घर छोड़ आया।

Comments