Tuesday, January 13, 2026
Newspaper and Magzine


सड़क दुर्घटना में कार धू-धू कर जलने लगी.कार सवार तीन लोग जिंदा ही कार में जल गए।

By LALIT SHARMA , in Accident , at April 15, 2022 Tags: , ,

BOL PANIPAT : इसराना एनसी कॉलेज के समीप शुक्रवार दोपहर को एक बड़ी सड़क दुर्घटना हुई। अवैध रूप से बने एक कट से मोड़ काट रहे ट्रक से एक आई 20 कार टकरा गई। ट्रक से टकराते ही कार धू-धू कर जलने लगी। इस बीच सेंटर लॉक नहीं खुल पाए जिस वजह से कार सवार तीन लोग जिंदा ही कार में जल गए। हादसा दोपहर करीब 12:15 बजे का बताया जा रहा है। हालांकि राहगीरों ने तुरंत डायल 112 पर दुर्घटना की सूचना दी। राहगीरों ने बताया की आग आग इतनी तेजी से फैली कि कार सवारों का बचना नामुमकिन नजर आ रहा था।

सूचना मिलने के पश्चात पुलिस टीम व फायर टेंडर मौके पर पहुंची। फायर टेंडर ने आग पर काबू पाया और पुलिस टीम ने घटनास्थल की जांच की। जांच के दौरान अवैध कट के विषय में जानकारी मिली। प्रारंभिक जांच में ट्रक चालक की लापरवाही सामने आई है हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक मौके पर छोड़कर फरार हो गया । बताया जा रहा है कि यह ट्रक इसराना मंडी से गेहूं की बोरियां लेने आया था।

हादसे की जानकारी मिलने के पश्चात एएसपी पूजा वशिष्ठ व डीएसपी ट्रैफिक संदीप कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने जली हुई कार के अवशेष सड़क से हटवा कर यातायात को सामान्य करवाया। पुलिस द्वारा जली हुई कार से तीन शव मिलने की पुष्टि की गई। मृतकों की पहचान विक्रांत(30) शुभम त्यागी(23) व पंकज (26)के रूप में हुई है।

हादसे में जिंदा जले एक युवक के घर शुक्रवार को जागरण होना था। हादसे की वजह से परिवार की खुशियां मातम में बदल चुकी हैं।
वही पहले सीएनजी सिलेंडर फटने की अफवाहें फैली थी मगर एक्सपर्ट्स का मानना है कि सीएनजी सिलेंडर तभी फट सकता है जब उसकी मियाद खत्म हो चुकी हो या किसी दुर्घटना के दौरान कोई नुकीली चीज सिलेंडर के लोहे की चादर को चीरकर उसमें घुस जाए।
उनका कहना है कि आमतौर पर सीएनजी की किट वाली कारों में पेट्रोल तथा सीएनजी दोनों की ही पाइपलाइन मौजूद रहती हैं सीएनजी खत्म होने की स्थिति में ड्राइवर पेट्रोल मोड में गाड़ी को चला सकते हैं।

आज के हादसे के बारे में एक्सपर्ट्स का कहना है की गाड़ी की टक्कर सामने से हुई है ऐसे में बंपर के बाद रेडिएटर और रेडिएटर के बाद पेट्रोल व सीएनजी की पाइप लाइन को नुकसान पहुंचा होगा साथ ही टक्कर लगने की वजह से पैदा हुए घर्षण या बैटरी की तारे हिलने की वजह से उत्पन्न हुई चिंगारी की वजह से लीक हो रही पेट्रोल व सीएनजी की पाइप लाइन से रिस रहे ज्वलनशील पदार्थों ने आग पकड़ ली होगी।
एक्सपर्ट्स का कहना है कि ज्वलनशील केमिकल पदार्थ जैसे कि पेट्रोल और सीएनजी गैस में लगी आग को सामान्य पानी से नहीं बुझाया जा सकता। इसके लिए विशेष तरह का अग्नि रोधक मेटेरियल जिसे फोम टाइप फायर एक्सटिंग्विशर कहते हैं उसका इस्तेमाल किया जाना चाहिए। यदि मौके पर ऐसा फायर एक्सटिंग्विशर नहीं है तो उस स्थिति में जब तक केमिकल पदार्थ जलकर खत्म नहीं हो जाते तब तक आग नहीं बुझ पाएगी। एक्सपर्ट्स का मानना है कि आज के हादसे में भी कुछ ऐसा ही हुआ होगा।
बरहाल इस दुखद हादसे में 3 नौजवान अकाल मृत्यु का शिकार हुए हैं।

Comments