पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स द्वारा रज़ापुर गांव में मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन.
BOL PANIPAT :- 8 मार्च, 2026, अपनी निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व पहल के तहत, आज दिनांक 08 मार्च 2026 को पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स द्वारा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रज़ापुर में एक मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की आसान पहुंच सुनिश्चित करना, आवश्यक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना और स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देना था।
इस शिविर का उद्घाटन एम. एल. डहरिया, कार्यकारी निदेशक व रिफ़ाइनरी प्रमुख, पीआरपीसी के द्वारा किया गया, जिनके साथ संजय कुमार, महाप्रबंधक (मानव संसाधन), विवेक शर्मा, वरिष्ठ प्रबंधक, कुमारी त्रिदिशा, सहायक प्रबंधक, निकिता, अधिकारी, दलेर सिंह, सरपंच प्रतिनिधि, रज़ापुर गांव, हेल्पेज ऑरफंस के मनन सिंगल, गगनदीप सिंह, दीप्ति जैन, अर्जुन और गांव के अन्य निवासी उपस्थित रहे। पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स ने गैर सरकारी संगठन हेल्पेज ऑरफंस के साथ मिल कर इस मेडिकल हेल्थ कैंप का आयोजन किया।
इस शिविर में बाल रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ, ईएनटी विशेषज्ञ एवं सामान्य चिकित्सक सहित विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा परामर्श सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर में रक्त परीक्षण, शुगर परीक्षण, ऑक्सीमीटर, ईसीजी मशीन एवं वजन मापन उपकरण जैसी नैदानिक सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही, गांववासियों को नि:शुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर एम. एल. डहरिया ने इंडियनऑयल की सामाजिक सेवा के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए कहा, “पानीपत रिफाइनरी, जो देश की सबसे तकनीकी रूप से उन्नत रिफाइनरियों में से एक है, ऐसे गांवों से घिरी हुई है, जिन्होंने भारत की कृषि और औद्योगीकरण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। हालांकि, हमने देखा है कि इन ग्रामीण इलाकों में बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी है। स्थानीय सरपंचों से मिली जानकारी के अनुसार, अस्पतालों और योग्य डॉक्टरों की कमी के कारण गांव के लोगों को इलाज के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं महंगी और कठिन हो जाती हैं। यह स्वास्थ्य शिविर इस समस्या को हल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे गांव के लोगों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं मिल सकें।”
पीआरपीसी का यह स्वास्थ्य शिविर निवारक स्वास्थ्य देखभाल, रोगों का शीघ्र निदान एवं आवश्यक चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। ऐसे शिविर ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाने में मदद करते हैं और डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, टीबी जैसी बीमारियों की पहचान करके उनकी रोकथाम में सहायक होते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाकर, पीआरपीसी समुदाय की भलाई को सुदृढ़ करने एवं सभी के लिए सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं के सरकार के दृष्टिकोण का समर्थन करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस स्वास्थ्य शिविर को ग्रामीणों से उत्साहपूर्ण प्रतिक्रिया प्राप्त हुई, जिससे यह स्पष्ट होता है कि ऐसे सतत स्वास्थ्य सेवा प्रयासों की अत्यधिक आवश्यकता है। पीआरपीसी अपनी सामाजिक जिम्मेदारी के अंतर्गत आगे भी इस प्रकार की सार्थक पहलों को जारी रखेगा।

Comments