मानवता सबसे बड़ा धर्म किसी दिव्यांग को पीछे नहीं रहने देंगे : उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया
-मानव जीवन का अर्थ है दूसरे के जीवन में रोशनी फैलाना : उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया
-हर ज़रूरतमंद तक पहुँचाएँगे आत्मनिर्भरता की किरण
-5 से 7 दिसंबर तक होगा नि:शुल्क कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण वितरण शिविर आयोजित
BOL PANIPAT , 3 दिसंबर। जिला प्रशासन के प्रयासों से 5 से 7 दिसंबर तक नि:शुल्क कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण वितरण के लिए तीन दिवसीय विशाल ‘जयपुर फुट’ सेवा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति, जयपुर (नई दिल्ली शाखा) द्वारा डेरा बाबा जोध सचियार, जी.टी. रोड स्थित परिसर में प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगा।
उपायुक्त डॉ. विरेंद्र कुमार दहिया ने इस शिविर को सामाजिक कल्याण की दिशा में एक बड़ा कदम बताते हुए कहा कि,
मानव जीवन की सच्ची परिभाषा तभी पूरी होती है जब हम किसी ज़रूरतमंद के जीवन में उम्मीद का दीपक जला पाते हैं। यह शिविर केवल उपकरणों का वितरण नहीं, बल्कि उन लोगों के लिए नई सुबह है, जो चलने, बढऩे और आत्मनिर्भर बनने की चाह रखते हैं। हमारा उद्देश्य एक भी दिव्यांग व्यक्ति को संसाधनों की कमी के कारण पीछे नहीं रहने देना है।
डॉ दहिया ने कहा कि इस आयोजन से समाज में सहयोग, संवेदना और मानवता का सशक्त संदेश जाएगा।
शिविर में कृत्रिम पैर, कृत्रिम हाथ, कैलिपर, व्हील चेयर, सीपी व्हील चेयर, वॉकर, दृष्टिबाधित छड़ी, हाथ-चालित साइकिल, वैसाखी तथा साधारण छड़ी सहित अनेक सहायक उपकरण पूर्णत: नि:शुल्क उपलब्ध होंगे।
उपायुक्त दहिया ने लाभार्थियों से अनुरोध किया है कि वे शिविर में आते समय अपना पहचान पत्र एवं दिव्यांगता प्रमाण पत्र की फोटो कॉपी साथ अवश्य लाएँ।
इस आयोजन को सफल बनाने में विसारा कंसलटेंट, डेरा बाबा जोध सचियार सेवा परिवार, सेव भारती, रेड क्रॉस सोसायटी, नेशनल मेडिकोज़ ऑर्गनाइज़ेशन, राजस्थानी परिवार सेवा समिति, गरीब परिवार सेवा समिति, नादेवाला फाउंडेशन, पाईट इंजीनियरिंग कॉलेज सहित अनेक संस्थाएँ सहयोग कर रही हैं।

Comments