Sunday, April 19, 2026
Newspaper and Magzine


-विधानसभा आम चुनाव के मद्देनजर शस्त्र लाइसेंस धारक अपने लाइसेंसी हथियार जल्द से जल्द जमा करवाएं: एसपी लोकेंद्र सिंह आईपीएस

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at September 11, 2024 Tags: , , , , ,

-शस्त्र लाइसेंस धारक के द्वारा हथियार जमा नहीं कराने पर लाइसेंस कैंसिल की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी

BOL PANIPAT : 11 सितम्बर 2024, पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह आईपीएस ने हरियाणा विधानसभा आम चुनाव के मद्देनजर शस्त्र लाइसेंस धारकों को जल्द से जल्द अपने लाइसेंसी हथियार नजदीकी पुलिस थाना में जमा करवाने के निर्देश दिए है।
उन्होंने कहा कि चुनाव को शांतिपूर्वक, निष्पक्ष और भय मुक्त वातावरण में संपन्न करवाने के मद्देनजर शस्त्र लाइसेंस धारक अपना हथियार बिना किसी देरी के थाना में जमा कराएं। शस्त्र लाइसेंस धारक थाना के अलावा प्राधिकृत गन हाउस में अपना लाईसेंसी हथियार जमा करवा सकता है। हथियार जमा करवाने की रसीद की फोटो कॉपी संबधित थाना में जमा करवाना अनिवार्य है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि चुनाव के दौरान किसी के पास भी कोई हथियार नहीं होना चाहिए। जो लोग अपने लाइसेंसी शस्त्र जमा नहीं करेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही वह अशांति फैलाने में शामिल पाए गए तो उनके शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर प्रशासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी। यदि शस्त्र लाइसेंस धारक अपना हथियार जमा नहीं करवाते हैं तो उनके शस्त्र लाइसेंस का नवीनीकरण रोककर, लाइसेंस की कैंसिलेशन की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।

पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारी व चौकी इंचार्जों को भी निर्देश दिए हुए है कि वे अपने क्षेत्र में जिन लोगों के पास लाइसेंसी हथियार है उन सभी के हथियारों को चुनाव से पहले संबंधित पुलिस थाना या गन हाउस में जमा करवाना सुनिश्चित करें।

पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि चुनाव के दौरान यदि कोई व्यक्ति शांति भंग करता है या किसी प्रकार का षड्यंत्र रचने की जानकारी उनके पास है तो इसकी तुरंत सूचना अपने निकटवर्ती पुलिस थाना या चौकी में दे सकते हैं। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम व पता गोपनीय रखा जाएगा। चुनाव को शांतिपूर्वक तरिके से संपन्न करवाने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

Comments