Sunday, July 26, 2026
Newspaper and Magzine


कारगिल विजय दिवस पर इन्नरव्हील मिडटाउन द्वारा वीर सैनिकों का सम्मान


BOL PANIPAT : कारगिल विजय दिवस के अवसर पर इनरव्हील क्लब पानीपत मिडटाउन ने डीएवी पब्लिक स्कूल, थर्मल कॉलोनी, पानीपत के सहयोग से देश के वीर सैनिकों के सम्मान में एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में भारतीय सेना के 20 पूर्व एवं सेवारत सैन्य अधिकारियों एवं जवानों को उनके अद्वितीय साहस, समर्पण और राष्ट्र सेवा के लिए स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित सभी अतिथियों ने कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान को नमन किया। वक्ताओं ने कहा कि कारगिल के वीरों का शौर्य, त्याग और देशभक्ति आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा। ऐसे कार्यक्रम युवाओं में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और देश के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं।

इनरव्हील क्लब की प्रधान ज्योत्सना गर्ग ने कहा कि देश की सीमाओं पर दिन-रात हमारी सुरक्षा में तैनात सैनिकों के प्रति सम्मान व्यक्त करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। क्लब समय-समय पर समाज और राष्ट्रहित से जुड़े ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित करता रहता है।
उन्होंने आगे कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक तिथि नहीं, बल्कि वीर सैनिकों के अदम्य साहस, बलिदान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। हमें अपने वीर जवानों के त्याग को सदैव स्मरण रखते हुए नई पीढ़ी में देशप्रेम और राष्ट्रसेवा की भावना जागृत करनी चाहिए।

इन्नरव्हील ज़ोन 9 की ज़ेड.सी.सी डॉ. अनु कालड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि हमारे सैनिक विपरीत परिस्थितियों में भी जिस निस्वार्थ भाव से देश की रक्षा करते हैं, वह प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनका सम्मान करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।

डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, थर्मल कॉलोनी की प्राचार्य भव्या शर्मा ने कहा कि कारगिल विजय दिवस विद्यार्थियों को यह संदेश देता है कि देश के प्रति समर्पण, अनुशासन और साहस ही सच्चे राष्ट्रनिर्माण की नींव हैं। ऐसे कार्यक्रम बच्चों के मन में अपने सैनिकों के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को और अधिक सुदृढ़ करते हैं।

कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन, क्लब सदस्य एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन का वातावरण देशभक्ति के रंग में रंगा रहा और उपस्थित सभी लोगों ने वीर सैनिकों के सम्मान में तालियों की गड़गड़ाहट से उनका अभिनंदन किया।

यह जानकारी क्लब चार्टर्ड प्रेसिडेंट कंचन सागर ने दी।

Comments


Leave a Reply