Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


मंडियों में पारदर्शिता बनाए रखना और किसानों को उनकी फसल का सही मूल्य दिलाना हमारी जिम्मेदारी: उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at April 9, 2026 Tags: , , , , , ,

मंडियों में फसल की खरीद केवल कंप्यूटराइज्ड मीटर के माध्यम से ही की जाए

इसराना अनाज मंडी में निरीक्षण, किसानों को मिला भरोसा

उपायुक्त ने अधिकारियों को लगाई फटकार, किसानों को नहीं होनी चाहिए कोई दिक्कत

BOL PANIPAT , 9 अप्रैल। जिले में गेहूं और सरसों की फसल की आवक लगातार मंडियों में बढ़ रही है। किसान अपनी उपज के सुचारु विक्रय को लेकर रोजाना मंडियों का रुख कर रहे हैं। सरकार भी किसानों के हितों को लेकर सतर्क है और प्रशासन लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए है। गुरुवार को उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया और पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने इसराना की नई आधुनिक अनाज मंडी का दौरा कर खरीद प्रक्रिया का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आढ़तियों को कड़ी फटकार लगाई और फसल की खरीद कंप्यूटराइज्ड मीटर से करने के निर्देश दिए और कहा कि पुराने मीटरों को तत्काल हटवाया जाए।

    निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अपने सामने गेहूं और सरसों की फसल की जांच कराई। पुराने कांटों से तोली गई फसल और नए मीटर के बीच अंतर पाए जाने पर उन्होंने तुरंत सुधार के आदेश दिए और आढ़ती को निर्देशित किया कि किसानों को हुए नुकसान की भरपाई की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि अगली बार अनियमितता मिलने पर संबंधित आढ़ती और अधिकारियों का निलम्बन भी किया जाएगा।  उपायुक्त ने मंडी में मौजूद किसानों की समस्याएं भी सुनीं और मौके पर समाधान कराया। किसानों ने ट्रांसपोर्ट  की समस्या रखी जिस पर तत्काल कार्रवाई करने के उपायुक्त ने निर्देश दिए।

उपायुक्त ने ऊंच अधिकारियों से भी इस संदर्भ में फोन पर बात की। उपायुक्त ने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर नंबर लिखने, गेट पास अनिवार्य करने, बिजली-पानी और भोजन की व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसान हमारे अन्नदाता हैं और उनकी मेहनत का सम्मान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मंडियों में पारदर्शिता बनाए रखना और किसानों को उनकी फसल का सही मूल्य दिलाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हमने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि फसल की खरीद केवल कंप्यूटराइज्ड मीटर के माध्यम से ही की जाए, ताकि किसी प्रकार की धोखाधड़ी की गुंजाइश न रहे। अगर किसी किसान के साथ तोल में या भुगतान में जरा भी अन्याय होता है, तो संबंधित अधिकारी और आढ़ती के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी से बचना चाहिए। प्रशासन पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ा है। उनकी फसल का एक-एक दाना खरीदा जाएगा और भुगतान भी समय पर सुनिश्चित किया जाएगा। प्रशासन लगातार मंडियों का निरीक्षण कर रहा है, ताकि व्यवस्थाएं दुरुस्त रहें और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

    पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि मंडियों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। किसानों, आढ़तियों और मजदूरों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। मंडी परिसर में पुलिस बल की तैनाती की गई है और लगातार गश्त की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की आवाजाही को सुव्यवस्थित करने के लिए विशेष योजना बनाई गई है, जिससे जाम की स्थिति न बने और किसानों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। साथ ही, किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी, चोरी या विवाद की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे प्रशासन का सहयोग करें, अपने वाहनों पर नंबर अंकित करें और गेट पास की व्यवस्था का पालन करें। यदि किसी को कोई समस्या आती है, तो तुरंत पुलिस या प्रशासन को सूचित करें। हम पूरी तरह से मुस्तैद हैं और यह सुनिश्चित करेंगे कि मंडियों में खरीद प्रक्रिया शांतिपूर्ण, सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो। इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा विभिन्न खरीद एजेंसियों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

Comments


Leave a Reply